GMCH STORIES

वित्तीय वर्ष की शुरुआत में तय करें ठोस एक्शन प्लान, राजस्व लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करें- संभागीय आयुक्त केवलरमानी

( Read 570 Times)

12 May 26
Share |
Print This Page

वित्तीय वर्ष की शुरुआत में तय करें ठोस एक्शन प्लान, राजस्व लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करें- संभागीय आयुक्त केवलरमानी

उदयपुर। संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में संभाग के सभी जिलों के जिला कलेक्टर, विभागीय अधिकारी एवं संबंधित अधिकारीगण वर्चुअल रूप से जुड़े। बैठक के दौरान संभागीय आयुक्त ने कहा कि वर्तमान समय वित्तीय वर्ष का शुरुआती दौर है, ऐसे में सभी विभाग अभी से प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर लक्ष्य आधारित कार्य करें ताकि वर्षभर राजस्व संग्रहण में निरंतर प्रगति बनी रहे और राज्य सरकार के राजस्व में अपेक्षित बढ़ोतरी सुनिश्चित हो सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभागवार लक्ष्य निर्धारित कर नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण किया जाए।

विभिन्न विभागों के राजस्व संग्रहण की समीक्षा

बैठक में खान एवं भू-विज्ञान विभाग, वाणिज्यिक कर विभाग, पंजीयन एवं मुद्रांक विभाग सहित विभिन्न राजस्व अर्जित करने वाले विभागों की विस्तृत समीक्षा की गई। संभागीय आयुक्त ने विभागवार राजस्व संग्रहण के निर्धारित लक्ष्यों, वर्तमान स्थिति एवं आगामी रणनीति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को लक्ष्य पूर्ति के लिए नवाचार आधारित प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व संग्रहण में पारदर्शिता, समयबद्ध कार्रवाई और सतत मॉनिटरिंग अत्यंत आवश्यक है।

जनगणना 2027 की तैयारियों पर विशेष जोर

बैठक में जनगणना 2027 से संबंधित गतिविधियों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, स्वगणना अभियान एवं अन्य तैयारियों की जिलेवार समीक्षा भी की गई। संभागीय आयुक्त ने जनगणना को अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम बताते हुए कहा कि इससे संबंधित सभी कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी सरकारी कार्मिकों की स्वगणना सुनिश्चित की जाए तथा प्रशिक्षण कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन हो ताकि भविष्य में जनगणना कार्य सुचारू रूप से संपादित किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनगणना कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक स्तर पर समन्वय बनाकर कार्य किया जाए। साथ ही आवश्यक तकनीकी एवं प्रशासनिक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

भेड़ निष्क्रमण व्यवस्थाओं के लिए दिए निर्देश

संभागीय आयुक्त ने आगामी समय में विभिन्न जिलों में होने वाले भेड़ निष्क्रमण को लेकर भी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि पशुपालकों की सुविधा, सुरक्षा तथा व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए पूर्व तैयारी की जाए ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो। बैठक में संभागीय मुख्य वन संरक्षक एस आर यादव, अतिरिक्त संभागीय आयुक्त सीआर देवासी, सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
 


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like