GMCH STORIES

संस्कृत को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान

( Read 673 Times)

12 May 26
Share |
Print This Page
संस्कृत को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान

उदयपुर। संस्कृतभारती उदयपुर महानगर द्वारा संचालित संस्कृत संभाषण शिविर का समापन समारोह राजकीय वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत विद्यालय, गोखर मंगरी, उदयपुर में अत्यंत उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं संस्कृत प्रेमियों की विशेष उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का शुभारम्भ वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हुआ तथा अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती पूजन किया गया। महिपाल चौहान  द्वारा सभी अतिथियों का परिचय एवं स्वागत किया गया।

समारोह में मुख्य अतिथि संस्कृतभारती चित्तौड़ प्रांत की श्लोक पाठन प्रमुख डॉ. रेनू पालीवाल, विशिष्ट अतिथि महानगर के पत्राचार प्रमुख चैनशंकर  देशोरा , विभाग संयोजक दुष्यंत नागदा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य मानसिंह कुशवाहा ने की।

स्वागत गीत  रेखा, वर्षा, यशोदा एवं डाली द्वारा प्रस्तुत किया गया।  तत्पश्चात संस्कृत भारती की परंपरा अनुसार बालक शिवा द्वारा ध्येय मंत्र का उच्चारण किया गया। संभाषण गीत की सुंदर प्रस्तुति बालिकाओं द्वारा दी गई। विद्यार्थियों की संस्कृत भाषा में प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को अत्यंत आकर्षक एवं प्रेरणादायी बना दिया।

मुख्य अतिथि डॉ. रेणु पालीवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि संस्कृत सभी भाषाओं की जननी है तथा यह केवल एक भाषा नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति, ज्ञान और संस्कारों की आधारशिला है। 
 चैनशंकर  दशोरा ने अपने संबोधन में कहा कि संस्कृत भाषा आज शिक्षा, आयुर्वेद, योग, विज्ञान एवं तकनीकी जैसे अनेक क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि संस्कृत को जन-जन तक पहुँचाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए।
संस्कृत भारती उदयपुर विभाग संयोजक श्री दुष्यंत जी नागदा ने संस्कृत के प्रचार-प्रसार के विभिन्न माध्यमों पर प्रकाश डाला। 
कार्यक्रम के अध्यक्ष श्री मान सिंह जी ने संस्कृतभारती के कार्यों की सराहना करते हुए संगठन का आभार व्यक्त किया तथा विद्यार्थियों को संस्कृत अध्ययन के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का संचालन विस्तारक गौरव साहू द्वारा प्रभावशाली किया गया। उन्होंने बताया कि आगामी 3 जून रात्रि से 8 जून 2026 प्रातः तक संस्कृतभारती उदयपुर विभाग द्वारा भाषाबोधन आवासीय वर्ग का आयोजन विद्यानिकेतन बालिका विद्यालय से. 4 में किया जाएगा, जिसमें उदयपुर विभाग से अनेक वर्गार्थी भाग लेंगे।

समारोह का समापन शांति मंत्र के साथ हुआ। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने संस्कृत भाषा के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया।

इस अवसर पर मुख्य रूप से व्यवस्थापक जयेश भट्ट, धीरज जोशी ,हितेश चंद्र जैन, अभय मीणा ,
मंजू रजक, निशा पालीवाल आदि उपस्थित रहे।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like