GMCH STORIES

संस्कृत भारती का छह दिवसीय आवासीय भाषाबोधन वर्ग आज से

( Read 393 Times)

02 Jun 26
Share |
Print This Page

उदयपुर। भारतीय संस्कृति, वैदिक ज्ञान परंपरा और संस्कृत भाषा के संवर्धन के उद्देश्य से संस्कृत भारती उदयपुर विभाग (चित्तौड़ प्रांत) के तत्वावधान में छह दिवसीय आवासीय संस्कृत भाषाबोधन वर्ग बुधवार, 3 जून से प्रारम्भ होगा। विद्या निकेतन बालिका विद्यालय, हिरण मगरी सेक्टर-4 में होने जा रहा यह वर्ग 8 जून तक पूर्णतः संस्कृतमय वातावरण में संचालित किया जाएगा। इस वर्ष का ध्येय वाक्य “मातृभाषा संस्कृतम्, मातृभूमि भारतम्” निर्धारित किया गया है। 

संस्कृत भारती के विभाग संयोजक दुष्यंत नागदा एवं वर्ग संयोजक संजय शांडिल्य ने बताया कि संस्कृत केवल प्राचीन ग्रंथों की भाषा नहीं, बल्कि भारतीय ज्ञान-विज्ञान, दर्शन, संस्कृति और जीवन मूल्यों की मूलाधार भाषा है। इसी दृष्टि से संस्कृत को व्यवहार की भाषा बनाने तथा समाज के विभिन्न वर्गों को इससे जोड़ने के लिए इस विशेष वर्ग का आयोजन किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि वर्ग में कक्षा आठवीं से ऊपर के विद्यार्थी, युवा, शिक्षक, गृहिणियां तथा विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े संस्कृत अनुरागी भाग ले सकेंगे। प्रतिभागियों को सरल एवं संवादात्मक पद्धति से संस्कृत बोलना, शुद्ध उच्चारण, दैनिक व्यवहार में संस्कृत का प्रयोग तथा प्रभावी संवाद कौशल सिखाया जाएगा। संस्कृत संभाषण का प्रशिक्षण खेल-खेल में दिया जाएगा, जिससे भाषा सीखना सहज और रुचिकर बन सके।

वर्ग के दौरान प्रतिदिन योगाभ्यास, प्रार्थना, संस्कार गीत, संस्कृत गीत, संस्कृत संभाषण प्रशिक्षण तथा विविध सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन होगा। इसके अतिरिक्त पंचांग एवं भारतीय कालगणना, वैदिक चिंतन, प्रेरक कथाएं, भारतीय ज्ञान परंपरा, व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व निर्माण जैसे विषयों पर विशेष सत्र भी होंगे। 

आयोजकों के अनुसार संपूर्ण शिविर संस्कृतमय वातावरण में संचालित होगा, जिससे प्रतिभागियों को भाषा के व्यावहारिक प्रयोग का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त होगा। संस्कृत माध्यम से समूह चर्चा, नाट्य प्रस्तुति, सांस्कृतिक कार्यक्रम और संवाद सत्र प्रतिभागियों में आत्मविश्वास, अनुशासन तथा नेतृत्व क्षमता के विकास में सहायक सिद्ध होंगे। 

संस्कृत भारती के पदाधिकारियों ने बताया कि पूर्व में आयोजित वर्गों को समाज से उत्साहजनक प्रतिसाद मिला है। इस वर्ष का आयोजन संस्कृत प्रचार-प्रसार, सांस्कृतिक जागरण और भारतीय ज्ञान परंपरा के पुनर्स्मरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा। संगठन ने संस्कृत प्रेमियों और युवाओं से इस अभियान में सहभागिता का आह्वान किया है।

 वर्ग में ये रहेंगी विशेषताएं

🔹 पूर्णतः आवासीय एवं संस्कृतमय वातावरण

🔹 संस्कृत माध्यम से संवादात्मक एवं व्यवहारिक शिक्षण
🔹 दैनिक कार्यक्रमों में योगाभ्यास, प्रार्थना, गीत एवं संस्कार गतिविधियाँ

🔹 खेल-खेल में संस्कृत संभाषण का अभ्यास
🔹 संस्कृत माध्यम से गीत, नाट्य, समूह चर्चा एवं सांस्कृतिक आयोजन
🔹 पंचांग ज्ञान, प्रेरक कथाएँ एवं भारतीय ज्ञान परंपरा आधारित परिचर्चाएँ
🔹 विद्यार्थियों एवं युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन एवं भारतीयता का विकास
🔹 संस्कृत को व्यवहार की भाषा बनाने का अभिनव प्रयास
 


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like