GMCH STORIES

बाल योगी सूर्याक्ष शर्मा ने फतहसागर की पाल पर 126 सूर्यनमस्कार चक्र कर सभी को किया रोमांचित

( Read 236 Times)

02 Jul 26
Share |
Print This Page
बाल योगी सूर्याक्ष शर्मा ने फतहसागर की पाल पर 126 सूर्यनमस्कार चक्र कर सभी को किया रोमांचित

राजकीय आदर्श आयुर्वेद औषधालय सिंधी बाजार, पतंजलि योग समिति उदयपुर, सुकृपा फाउंडेशन एवं स्वास्थ्य सेतु के संयुक्त तत्वावधान में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर विश्व विख्यात फतहसागर की पाल पर आयोजित निःशुल्क 126 सूर्यनमस्कार महाआयोजन में 7 वर्षीय बाल योगी सूर्याक्ष शर्मा ने मंच से 126 सूर्यनमस्कार चक्रों का प्रदर्शन कर उपस्थित हजारों योग प्रेमियों को रोमांचित कर मंत्रमुग्ध कर दिया।

अल्पायु में ही योग के प्रति इस समर्पण को देखकर मुख्य अतिथि पूर्व अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) वार सिंह ने उत्साहवर्धन करते हुए बाल योगी सूर्याक्ष शर्मा को गोद में उठाकर सम्मानित किया एवं भूरी-भूरी प्रशंसा की।

बाल योगी सूर्याक्ष शर्मा को मंच पर उत्कृष्ट योग सेवा हेतु मुख्य अतिथि पूर्व एडीएम (शहर) वार सिंह, सहायक निदेशक आयुर्वेद व नोडल अधिकारी डॉ. भानुकुमार जैन, सहायक नोडल अधिकारी व वरिष्ठ आयुर्वेद चिकित्सक वैद्य शोभालाल औदीच्य, आयुर्वेद चिकित्सक संघ के अध्यक्ष डॉ. विष्णु बंशीवाल, इंडियन योगा एसोसिएशन अध्यक्ष सुरेश पालीवाल, सुकृपा फाउंडेशन के अध्यक्ष कृष्णा पालीवाल, पतंजलि योग समिति के राज्य कार्यकारिणी सदस्य मुकेश पाठक व समिति के योग समन्वयक योगी अशोक जैन, स्वास्थ्य सेतु के वरिष्ठ योगाचार्य पूरण सिंह राठौड़ आदि द्वारा उपरणा, प्रमाण पत्र व स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।

हाल ही में 21 जून को 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के पावन अवसर पर भण्डारी दर्शक मण्डप, गांधी ग्राउण्ड, उदयपुर में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में भी नन्हे बाल योगी सूर्याक्ष शर्मा को मंच से उत्कृष्ट योग सेवा प्रदान करने पर माननीय जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी (कैबिनेट मंत्री) सहित प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा सम्मानित किया गया था।

अल्पायु में ही योग के प्रति समर्पण और हजारों साधकों के समक्ष मंच से योगाभ्यास कर नन्हे बाल योगी सूर्याक्ष शर्मा ने उदयपुर का गौरव बढ़ाया है। यह सम्मान सम्पूर्ण उदयपुर के लिए गर्व का विषय है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर शहरवासियों में हर्ष का माहौल है।

उल्लेखनीय है कि बाल योगी सूर्याक्ष शर्मा, योगाचार्य दंपती मनिता शर्मा एवं जिग्नेश शर्मा के सुपुत्र हैं तथा सेंट्रल एकेडमी विद्यालय, हिरण मगरी सेक्टर 5 में कक्षा-2 के विद्यार्थी हैं।
 


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like