GMCH STORIES

नवनियुक्त नर्सिंग ऑफिसर्स का भव्य स्वागत

( Read 590 Times)

19 Jul 26
Share |
Print This Page
नवनियुक्त नर्सिंग ऑफिसर्स का भव्य स्वागत

उदयपुर। आरएनटी मेडिकल कॉलेज से संबद्ध चिकित्सालयों में कार्यरत नर्सेज की ओर से रविवार को एनएलटी सभागार में नवनियुक्त नर्सिंग ऑफिसर्स के सम्मान में स्वागत समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आरएनटी मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य एवं नियंत्रक डॉ. राहुल जैन ने की। मुख्य अतिथि एमबी चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. आर.एल. सुमन तथा विशिष्ट अतिथि नर्सिंग अधीक्षिका बीना चौधरी रहीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं वंदे मातरम् के साथ हुआ। इसके बाद अतिथियों का मेवाड़ी परंपरा के अनुसार उपरणा ओढ़ाकर एवं श्रीफल भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया। स्वागत उद्बोधन में नव नियुक्त नर्सिंग ऑफिसर्स का अभिनंदन करते हुए उनसे मरीजों की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया गया।

मरीजों के हमदर्द बनें - डॉ. राहुल जैन

अध्यक्षीय उद्बोधन में आरएनटी मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य एवं नियंत्रक डॉ. राहुल जैन ने कहा कि नर्सिंग अधिकारी केवल उपचार प्रक्रिया का हिस्सा नहीं, बल्कि मरीजों के सबसे बड़े हमदर्द होते हैं। उन्होंने कहा कि सभी नवनियुक्त नर्सिंग ऑफिसर्स अनुशासन बनाए रखते हुए पूर्ण समर्पण एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। मरीजों की परिस्थितियों और मानसिक स्थिति को समझते हुए उनके साथ शालीन, संवेदनशील एवं मानवीय व्यवहार करें। उन्होंने कहा कि नर्सिंग सेवा में व्यवहार, संवेदनशीलता और सेवा भाव ही सबसे बड़ी पहचान है।

एमबी चिकित्सालय में पदस्थापन गौरव की बात - डॉ. सुमन

मुख्य अतिथि एवं एमबी चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. आर.एल. सुमन ने कहा कि अधिकांश नवनियुक्त नर्सिंग ऑफिसर्स की पदस्थापना नवजात शिशु इकाई (एनआईसीयू) एवं गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) जैसे महत्वपूर्ण विभागों में की गई है। उन्होंने कहा कि शहर के प्रमुख चिकित्सालय एमबी अस्पताल में कार्य करने का अवसर अपने आप में गौरव की बात है। उन्होंने सभी नर्सिंग अधिकारियों से सोच-समझकर निर्णय लेने, मरीजों एवं उनके परिजनों से पारिवारिक आत्मीयता के साथ व्यवहार करने तथा मानवीय संवेदनाओं और आपसी जुड़ाव की भावना से कार्य करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर नव नियुक्त नर्सिंग ऑफिसर्स की ओर से प्रहलाद लबाना एवं भेरूलाल खटीक ने अपने विचार व्यक्त किए। दिलीप यादव ने समारोह के आयोजन के उद्देश्य, संगठन की कार्यप्रणाली एवं नर्सिंग अधिकारियों के कर्तव्यों की जानकारी दी। हेमंत आमेटा तृतीय ने एकजुटता के साथ कार्य करने का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन प्रफुल गांधी ने किया तथा हितेश लबाना ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

समारोह में ये भी थे मौजूद

समारोह में नर्सिंग अधीक्षक अमीन खान, जितेंद्र भटनागर, चंद्र प्रकाश सिसोदिया एवं विश्वेश्वर त्रिवेदी उपस्थित रहे। आयोजनकर्ता समिति के अरविंद बैरागी, अब्दुल रशीद, हंसराज मीणा, दीपक जैन, सुमित सोनी, अवधेश पानेरी, गौरव राठौर, दिनेश माली, प्रकाश गौड़ एवं दिनेश नागदा सहित अन्य सदस्यों ने आयोजन की व्यवस्थाएं संभालीं। इस अवसर पर सीनियर नर्सिंग ऑफिसर गायत्री जड़िया, सुनीता शर्मा सहित आरएनटी मेडिकल कॉलेज से संबद्ध चिकित्सालयों के सैकड़ों नर्सिंग अधिकारी एवं नर्सेज उपस्थित रहे। अंत में राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like