उदयपुर। सुरों की मंडली संस्था (वरिष्ठ विंग) उदयपुर द्वारा हिंदी सिनेमा के प्रथम सुपरस्टार राजेश खन्ना की पुण्यतिथि के अवसर पर शोभागपुरा स्थित अशोका पैलेस के मधुश्री ऑडिटोरियम में संगीतमय श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में करीब 30 कलाकारों ने राजेश खन्ना पर फिल्माए गए सदाबहार गीतों की प्रस्तुतियां देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
मुख्य अतिथि डॉ. श्रद्धा गट्टानी एवं विशिष्ट अतिथि डॉ. ईशा जेठानी ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम नई पीढ़ी को हिंदी सिनेमा के स्वर्णिम दौर के संगीत से परिचित कराने के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत को भी जीवंत बनाए रखते हैं। उन्होंने संस्था के इस प्रयास की सराहना की।
संस्था के संस्थापक अध्यक्ष मुकेश माधवानी ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य हिंदी फिल्म संगीत के स्वर्णिम युग के अमर गीतों के माध्यम से महान कलाकारों को श्रद्धांजलि अर्पित करना तथा संगीत प्रेमियों और कलाकारों को एक मंच पर जोड़ना है।
कार्यक्रम में हेमा जोशी, एच. काज़ी, राजकुमार बापना, डॉ. ईशा जेठानी, सी.एस. सांखला, विजय राजपूत, दिलीप गभरानी, मनोहर मुखिया, राजय पुरी गोस्वामी, दिलीप सुराना, अम्बालाल साहू, सी.पी. जैन, मधु शर्मा, आराध्या, नलिनी बंधू, बृजलाल सोनी, कमल जुनेजा, राजकुमार दीक्षित, जय किशन आसवानी, गिरीश तलदार सहित अन्य कलाकारों ने राजेश खन्ना के लोकप्रिय गीतों की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का संयोजन हेमा जोशी एवं एच. काज़ी ने किया, जबकि मंच संचालन राजकुमार बापना ने किया।
राजेश खन्ना की पुण्यतिथि पर आयोजित संगीतमय श्रद्धांजलि कार्यक्रम में प्रस्तुति देते कलाकार एवं उपस्थित अतिथि।