उदयपुर। आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशन में प्रदेश में अवैध मदिरा के विक्रय, भण्डारण, परिवहन पर जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत आबकारी निरोधक दलों द्वारा कार्रवाई की जा रही है। प्रदेश में श्रीगंगानगर, दौसा एवं जयपुर में अवैध मदिरा जब्त करते हुए अभियुक्तों को गिरफ्तार कर नियमानुसार अभियोग दर्ज किए गए।
आबकारी निरोधक दल द्वारा श्रीगंगानगर में दबिश की कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल पर 20 लीटर अवैध मदिरा का परिवहन करते हुए अभियुक्त को गिरफ्तार किया। इसी क्रम में एक अन्य कार्रवाई में 3 कच्ची भट्टियां एवं 200 लीटर वाॅश नष्ट किया। दौसा में आबकारी टीम द्वारा बांदीकुई निरीक्षक सहित कार्यवाही कर दिल्ली-अहमदाबाद आश्रम एक्सप्रेस में जांच के दौरान अभियुक्त के बेग से विभिन्न ब्रांड की 110 बोतल अंग्रेजी मदिरा बरामद कर अभियोग दर्ज किया। जयपुर में आबकारी थाना पश्चिम एवं रेलवे सुरक्षा बल की संयुक्त कार्रवाई में 24 बोतल भारत निर्मित विदेशी मदिरा जब्त की गई। जयपुर ग्रामीण के तहत आबकारी थाना शाहपुरा की टीम द्वारा मनोहरपुरा टोल प्लाजा पर एक बस की जांच कर 50 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए मौके से अभियुक्त को गिरफ्तार किया। प्रदेश के अन्य जिलों में भी अवैध मदिरा के विरूद्ध नाकाबंदी, गश्त एवं दबिश कार्रवाई की जा रही है।