उदयपुर,अंगदान जागरूकता माह एवं अंतरराष्ट्रीय मस्तिष्क दिवस के अवसर पर बुधवार को गीतांजलि यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों द्वारा उदयपुर में अंगदान जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य आमजन को अंगदान के महत्व से अवगत कराना तथा अधिक से अधिक लोगों को इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित करना था।
रैली में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, संकाय सदस्यों एवं चिकित्सा विशेषज्ञों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने हाथों में जागरूकता संदेशों से युक्त तख्तियां लेकर शहरवासियों को "अंगदान – महादान, जीवन का सबसे बड़ा उपहार" तथा "एक दान, अनेक जीवन" जैसे संदेश दिए। इस दौरान लोगों से अंगदान का संकल्प लेने और जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन देने की इस मानवीय पहल से जुड़ने की अपील की गई।
वक्ताओं ने कहा कि अंगदान किसी व्यक्ति के निधन के बाद कई लोगों को नया जीवन देने का माध्यम बन सकता है। समाज में जागरूकता बढ़ाकर ही अंगदान के प्रति फैली भ्रांतियों को दूर किया जा सकता है और अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ा जा सकता है।
रैली के दौरान जीएमसीएच के डीएमएस डॉ. जीतेंद्र हिरानी, ऑर्गन ट्रांसप्लांटेशन की नोडल अधिकारी डॉ. करुणा शर्मा तथा ऑर्गन ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर राजेश मेहता उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं की भागीदारी से अंगदान के प्रति समाज में सकारात्मक सोच विकसित होगी और अधिक लोग इस महादान के लिए आगे आएंगे।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने अंगदान के प्रति जागरूकता फैलाने तथा अधिक से अधिक लोगों को इस जनहितकारी अभियान से जोड़ने का संकल्प लिया।