उदयपुर। शिव महोत्सव समिति के तत्वावधान में आगामी 17 अगस्त को आयोजित होने वाली 21वीं विशाल कावड़ यात्रा की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। यात्रा के प्रचार-प्रसार और अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रविवार को गंगोद्भव परिसर में सर्वसमाज की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के संस्थापक यज्ञनारायण शर्मा ने की, जिसमें 21वीं कावड़ यात्रा के पोस्टर का विमोचन किया गया।
समिति के सात दिवसीय समारोह संयोजक एडवोकेट डॉ. रामकृपा शर्मा ने बताया कि इस वर्ष कावड़ यात्रा गंगा के चौथे पाये गंगोद्भव कुंड से उभयेश्वर महादेव मंदिर तक लगभग 21 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। यात्रा में इस बार 11 हजार से अधिक शिवभक्तों के शामिल होकर भगवान शिव का जलाभिषेक करने का लक्ष्य रखा गया है। कावड़ियों द्वारा जलाभिषेक के उपरांत गंगा सहित पांच पवित्र नदियों के जल से उभयेश्वर महादेव का विशेष अभिषेक किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कावड़ यात्रा को लेकर विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं राजनीतिक संगठनों के पदाधिकारियों ने बैठक में भाग लेकर आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया। यात्रा से पूर्व सात दिवसीय धार्मिक समारोह आयोजित किए जाएंगे, जिनमें गणपति पूजन, महादेव जलाभिषेक, कलश एवं तिरंगा यात्रा, दो दिवसीय रामायण पाठ, गंगा आरती तथा भक्ति संध्या जैसे कार्यक्रम शामिल होंगे। इन आयोजनों के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का संदेश भी दिया जाएगा।
समिति के प्रवक्ता कृष्णकांत कुमावत ने बताया कि बैठक में आयोजन की रूपरेखा, व्यवस्थाओं तथा विभिन्न समितियों के दायित्वों पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने आमजन से अधिक से अधिक संख्या में कावड़ यात्रा एवं धार्मिक आयोजनों में भाग लेकर आयोजन को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर संस्थापक यज्ञनारायण शर्मा, एडवोकेट डॉ. रामकृपा शर्मा, पूर्व पार्षद मनोहर चौधरी, महेश भावसार, उमेश नागदा, पुरुषोत्तम पाराशर, सुरेश रावत, एडवोकेट उदय सिंह देवड़ा, नवीन व्यास, भागीरथ सिंह, शिवशंकर नागदा, नितिन पुरोहित, लोकेश जोशी, डॉ. ओम साहू, देवेन्द्र बेरवा, विजय कुमार वैष्णव, शेखर, हेमंत रावत, सुरेश साहू, यशवंत चौधरी, संतोष शंकर शर्मा, दिनेश दवे, नरेश कुमार दवे, प्रवीण औदिच्य, भागीरथ जोशी, रानी भाटिया सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।