GMCH STORIES

बालिचा में श्वानों की सुरक्षा को लेकर गंभीर मामला, दो पिल्लों की मौत से बढ़ी चिंता

( Read 498 Times)

09 Aug 26
Share |
Print This Page


उदयपुर,। बालिचा स्थित अटल एंकलेव, यूआईटी क्षेत्र में सड़क पर रहने वाले श्वानों की सुरक्षा को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। स्थानीय निवासियों की शिकायत के अनुसार क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा श्वानों को नुकसान पहुंचाने तथा मारने की कथित धमकियां दी जा रही हैं। विरोध करने वाले नागरिकों के साथ विवाद और अभद्र व्यवहार की भी बात सामने आई है।

शिकायत के अनुसार हाल ही में पास की एक इमारत में स्थानीय श्वानों के दो पिल्ले मृत अवस्था में पाए गए। शव सड़ने की स्थिति में होने से घटना की परिस्थितियां संदिग्ध मानी जा रही हैं। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि पिल्लों को जानबूझकर नुकसान पहुंचाया गया हो सकता है। घटना से जुड़े कुछ वीडियो भी संबंधित संस्था को उपलब्ध कराए गए हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एनिमल प्रोटेक्शन सोसायटी उदयपुर ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। संस्था ने पुलिस, नगर निगम और संबंधित पशु कल्याण अधिकारियों से मौके का निरीक्षण करने, शेष श्वानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा पशु क्रूरता या धमकियों की पुष्टि होने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

संस्था की ओर से मेनका गांधी से भी हस्तक्षेप की अपील की गई है, ताकि मामला संबंधित अधिकारियों तक पहुंच सके और श्वानों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

संस्था ने कहा कि बेजुबान पशुओं के साथ किसी भी प्रकार की क्रूरता स्वीकार्य नहीं है। दो पिल्लों की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत और लगातार मिल रही धमकियों को देखते हुए मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच आवश्यक है। स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर क्षेत्र में पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like