GMCH STORIES

हिरणमगरी सेक्टर-14 में सेटेलाइट हॉस्पिटल की मांग ने पकड़ा जोर

( Read 346 Times)

09 Aug 26
Share |
Print This Page
हिरणमगरी सेक्टर-14 में सेटेलाइट हॉस्पिटल की मांग ने पकड़ा जोर

उदयपुर। शहर के तेजी से विकसित हो रहे हिरणमगरी सेक्टर-14 एवं दक्षिणी विस्तार क्षेत्र में बढ़ती आबादी के अनुरूप चिकित्सा सुविधाओं की कमी को देखते हुए क्षेत्र में सेटेलाइट हॉस्पिटल स्थापित करने की मांग ने जोर पकड़ लिया है।

इस मांग को लेकर रविवार को रेयान स्कूल के समीप स्थित महावीर भवन में क्षेत्र के विभिन्न संगठनों, समितियों एवं क्षेत्रवासियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई तथा सेटेलाइट हॉस्पिटल की मांग को लेकर शीघ्र संघर्ष समिति के गठन पर सहमति बनी।बैठक में मौजूद वक्ताओं ने कहा कि हिरणमगरी सेक्टर-11 से लेकर दक्षिणी विस्तार तक पिछले कुछ वर्षों में आबादी का तेजी से विस्तार हुआ है।

वर्तमान में इस क्षेत्र में करीब 50 हजार से अधिक लोग निवास कर रहे हैं। इसके अलावा दक्षिणी विस्तार से सटे ग्रामीण क्षेत्रों की आबादी भी विभिन्न आवश्यकताओं के लिए इसी क्षेत्र पर निर्भर है।

इतनी बड़ी आबादी के बावजूद क्षेत्र में आधुनिक एवं पर्याप्त चिकित्सा सुविधाओं का अभाव है।आपात स्थिति में मरीजों को होती है परेशानी-समाजसेवी बी.एल. जैन ने कहा कि हिरणमगरी क्षेत्र में पिछले कुछ वर्षों में तेजी से आवासीय एवं व्यावसायिक विकास हुआ है।

बड़ी संख्या में नए परिवार यहां निवास करने लगे हैं, लेकिन चिकित्सा सुविधाओं का विकास आबादी की गति के अनुरूप नहीं हो पाया है।उन्होंने कहा कि गंभीर बीमारी, दुर्घटना अथवा किसी अन्य आपात स्थिति में मरीज को तत्काल अस्पताल पहुंचाना आवश्यक होता है।

क्षेत्र में बड़े एवं आधुनिक अस्पताल की सुविधा नहीं होने के कारण मरीजों को अन्य क्षेत्रों में स्थित अस्पतालों तक ले जाना पड़ता है।

आपातकालीन परिस्थितियों में दूरी और यातायात के कारण होने वाली देरी कई बार गंभीर स्थिति पैदा कर सकती है।बी.एल. जैन ने कहा कि क्षेत्र की वर्तमान आबादी और भविष्य में होने वाले विस्तार को देखते हुए अब यहां आधुनिक सुविधाओं से युक्त सेटेलाइट हॉस्पिटल की स्थापना बेहद आवश्यक हो गई है।

इससे क्षेत्रवासियों को उनके नजदीक ही बेहतर उपचार मिल सकेगा।जनहित के मुद्दे को राजनीति से दूर रखने पर जोर-वार्ड 18 के पूर्व पार्षद महेश त्रिवेदी ने कहा कि आगामी समय में पंचायत एवं नगर निगम के चुनाव होने हैं।

ऐसे में सेटेलाइट हॉस्पिटल की मांग जैसे महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दे को किसी भी तरह राजनीतिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि यह मांग किसी व्यक्ति, दल या संगठन की नहीं, बल्कि हजारों क्षेत्रवासियों की आवश्यकता से जुड़ी हुई है।उन्होंने कहा कि मांग को मजबूती देने के लिए आने वाले समय में क्षेत्र में हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा।

इसके माध्यम से आमजन का समर्थन जुटाकर सरकार एवं प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से मांग रखी जाएगी।दक्षिणी विस्तार और आसपास के गांवों को भी मिलेगा लाभ-मंडल अध्यक्ष अमृत मेनारिया ने कहा कि हिरणमगरी सेक्टर-14 के आगे दक्षिणी विस्तार तथा आसपास के कई गांवों के लोग भी बेहतर चिकित्सा सुविधाओं के लिए शहर के अन्य हिस्सों में जाने को मजबूर होते हैं।

यदि सेक्टर-14 में सेटेलाइट हॉस्पिटल स्थापित होता है तो इसका लाभ केवल हिरणमगरी क्षेत्र के लोगों को ही नहीं, बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की बड़ी आबादी को भी मिलेगा।उन्होंने कहा कि क्षेत्र में आबादी लगातार बढ़ रही है।

ऐसे में भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अभी से स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में कदम उठाना जरूरी है।

सेटेलाइट हॉस्पिटल क्षेत्र के लिए एक बड़ी आवश्यकता है और इसके लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए।संघर्ष समिति अब गठित होगी-क्षेत्रवासी हरीश चैबीसा ने कहा कि बैठक में सेटेलाइट हॉस्पिटल की मांग को लेकर संघर्ष समिति गठित करने पर सहमति बनी है।

समिति का गठन शीघ्र किया जाएगा। इसमें क्षेत्र की विभिन्न समितियों, सामाजिक एवं सेवा संगठनों, धार्मिक संस्थाओं, व्यवसायिक संगठनों तथा क्षेत्र के प्रतिनिधियों को शामिल किया जाएगा।उन्होंने कहा कि समिति के गठन के बाद आंदोलन की आगामी रणनीति तय की जाएगी।

सबसे पहले क्षेत्रवासियों के बीच जनजागरूकता अभियान चलाने के साथ हस्ताक्षर अभियान शुरू किया जाएगा।

इसके बाद हस्ताक्षरों के साथ प्रशासन एवं सरकार को ज्ञापन सौंपकर हिरणमगरी सेक्टर-14 में सेटेलाइट हॉस्पिटल की स्थापना की मांग रखी जाएगी।सभी संगठनों को एक मंच पर लाने की तैयारी-बैठक में इस बात पर भी चर्चा हुई कि मांग को प्रभावी बनाने के लिए क्षेत्र के अधिक से अधिक संगठनों और संस्थाओं को एक मंच पर लाया जाए।

वक्ताओं ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधा प्रत्येक नागरिक की मूल आवश्यकता है और इतनी बड़ी आबादी वाले क्षेत्र में आधुनिक चिकित्सा सुविधा का होना बेहद जरूरी है।क्षेत्रवासियों का कहना था कि यदि सेक्टर-14 में सेटेलाइट हॉस्पिटल स्थापित होता है तो इससे न केवल स्थानीय लोगों को बल्कि दक्षिणी उदयपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों लोगों को राहत मिलेगी।

साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी।चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ेगा अभियान-बैठक में तय किया गया कि संघर्ष समिति के गठन के बाद पूरे अभियान को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा।

पहले चरण में क्षेत्रवासियों एवं विभिन्न संगठनों का समर्थन जुटाया जाएगा। इसके बाद हस्ताक्षर अभियान चलाकर मांग को जनसमर्थन दिया जाएगा।

आवश्यकता पड़ने पर प्रशासनिक अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर मांग का ज्ञापन सौंपा जाएगा।वक्ताओं ने कहा कि यह आंदोलन पूरी तरह जनहित और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ा रहेगा तथा इसे किसी राजनीतिक विवाद का हिस्सा नहीं बनने दिया जाएगा।बैठक में विभिन्न समितियों एवं संगठनों के प्रतिनिधियों तथा क्षेत्रवासियों ने भाग लिया।

सभी ने हिरणमगरी सेक्टर-14 में सेटेलाइट हॉस्पिटल की स्थापना की मांग को मजबूती से उठाने तथा संघर्ष समिति के गठन के बाद अभियान को व्यापक रूप देने पर सहमति जताई।

This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like