जैसलमेर । भारत सरकार की खेलो इंडिया योजना के तहत राजस्थान में संचालित खेलो इंडिया सेंटरों में खिलाड़ियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए पास्ट चौंपियन एथलीट के चयन के लिए साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे। साक्षात्कार 1 एवं 2 सितंबर 2026 को प्रातः 11रू30 बजे सवाई मानसिंह स्टेडियम, जयपुर स्थित अर्जुन मीटिंग हॉल में होंगे।
जिला खेल अधिकारी राकेश बिश्नोई ने बताया कि जैसलमेर जिले में बास्केटबॉल खेल का खेलो इंडिया सेंटर स्थापित है। इस सेंटर में युवा खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से योग्य एवं अनुभवी पास्ट चौंपियन एथलीट का चयन किया जाएगा।
इन खेलों के लिए होंगे साक्षात्कार 1 सितंबर 2026 को एथलेटिक्स, बास्केटबॉल, बॉक्सिंग, तीरंदाजी, ताइक्वांडो, तैराकी, फुटबॉल, बैडमिंटन एवं भारोत्तोलन एवं 2 सितंबर 2026 को हॉकी, जूडो, कबड्डी, खो-खो, कुश्ती, साइकिलिंग, सॉफ्टबॉल, वुशु एवं वॉलीबॉल के साक्षात्कार आयोजित होंगे।
यह खिलाड़ी होंगे पात्र पास्ट चौंपियन एथलीट के रूप में वही खिलाड़ी साक्षात्कार में सम्मिलित हो सकेंगे, जिन्होंने निर्धारित उपलब्धियों में से कोई उपलब्धि अर्जित की हो - 1. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व किया हो।
2. मान्यता प्राप्त सीनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक प्राप्त किया हो अथवा प्रतियोगिता में भाग लिया हो।
3. खेलो इंडिया गेम्स में पदक प्राप्त किया हो अथवा भाग लिया हो।
4. अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता में पदक प्राप्त किया हो।
मूल प्रमाण-पत्र साथ लाना आवश्यक जिला खेल अधिकारी ने इच्छुक एवं पात्र खिलाड़ियों से निर्धारित तिथि एवं समय पर अपने मूल खेल प्रमाण-पत्र, उपलब्धियों से संबंधित प्रमाण-पत्र एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ साक्षात्कार स्थल पर उपस्थित होने का आग्रह किया है।
यह चयन प्रक्रिया राजस्थान में संचालित खेलो इंडिया सेंटरों में युवा खिलाड़ियों को गुणवत्तापूर्ण एवं विशेषज्ञ प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के साथ-साथ पूर्व उत्कृष्ट खिलाड़ियों के अनुभव और विशेषज्ञता का लाभ नई खेल प्रतिभाओं को दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।