जैसलमेर । राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप घुमन्तु, अर्द्धघुमन्तु एवं विमुक्त जातियों को आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में नगर परिषद जैसलमेर द्वारा मंगलवार को महत्वपूर्ण पहल की गई। नगर परिषद सभागार में आयोजित कार्यक्रम में प्राप्त आवेदनों की कमेटी द्वारा जांच के बाद पारदर्शी लॉटरी प्रक्रिया से पात्र परिवारों को भूखण्ड आवंटित कर 129 निःशुल्क पट्टे वितरित किए गए।

 

       कार्यक्रम में जैसलमेर विधायक छोटूसिंह भाटी, समाजसेवी महंत बालभारती, अरुण पुरोहित एवं बाबूलाल शर्मा ने लाभार्थियों को पट्टे वितरित किए। इस दौरान लाभार्थियों में अपने आवास का सपना साकार होने की खुशी नजर आई।

       नगर परिषद आयुक्त पवन कुमार ने बताया कि घुमन्तु, अर्द्धघुमन्तु एवं विमुक्त जातियों में कालेबेलिया एवं जोगी समाज के 57 तथा गाड़िया लोहार समाज के 72 परिवारों, कुल 129 पात्र परिवारों को निःशुल्क पट्टों का आवंटन एवं वितरण किया गया है। उन्होंने बताया कि पट्टाधारकों को प्रधानमंत्री आवास योजना से जोड़कर उन्हें पक्के आवास का लाभ दिलाने के लिए संबंधित कार्मिकों को निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए पात्र पट्टाधारकों से आवेदन प्राप्त कर योजना का लाभ दिलाया जाएगा।

     इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि निःशुल्क पट्टा वितरण से इन परिवारों को न केवल आवासीय भूमि का अधिकार मिला है, बल्कि उन्हें स्थायी आवास और बेहतर जीवन की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर भी प्राप्त हुआ है।

      कार्यक्रम में अधिशाषी अभियंता विनोद सोलंकी, अयूब अली, हंसराज, रिंकी मीणा, जगदीश कुमार, प्रभुसिंह, ओमी विश्नोई, फूली विश्नोई सहित नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।