श्रीगंगानगर। नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 के संबंध में गुरूवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव की अध्यक्षता में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में हुई।
इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निकाय चुनाव में नगरपरिषद पार्षद पद के उम्मीदवार के लिये खर्च सीमा 2.50 लाख रूपये और नगरपालिका सदस्य पद के उम्मीदवार के लिये खर्च सीमा 1.50 लाख रूपये निर्धारित है।
चुनाव खर्च का लेखा प्रारूप ‘क‘ में परिणामों की घोषणा के 15 दिनों के भीतर जमा करवाना होगा।बैठक में उन्होंने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान के निर्देशानुसार 19 अगस्त को चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही जिले के सभी संबंधित शहरी निकायों में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।
निकाय चुनाव की संपूर्ण प्रक्रिया पूरी होने तक संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता प्रभावी रहेगी। निकाय चुनाव दो चरणों में होंगे।
पहले चरण का मतदान 9 सितंबर 2026 तथा दूसरे चरण का मतदान 11 सितंबर 2026 को होगा।
पहले चरण में श्रीगंगानगर जिले की नगरपालिका सूरतगढ, श्रीबिजयनगर, रायसिंहनगर, अनूपगढ व घडसाना और द्वितीय चरण में श्रीगंगानगर नगर परिषद, नगरपालिका सादुलशहर, श्रीकरणपुर, केसरीसिंहपुर, पदमपुर व गजसिंहपुर में चुनाव होंगे।
मतगणना के बाद चुनाव परिणाम 14 सितंबर 2026 को घोषित किए जाएंगे।जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निकाय चुनाव की अधिसूचना 27 अगस्त 2026 को जारी होने के साथ ही नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
नामांकन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त होगी। 1 सितम्बर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा, 3 सितम्बर को सायं 3 बजे तक अभ्यर्थिता वापिस ली जा सकेगी।
4 सितम्बर को चुनाव चिन्हों का आवंटन होगा। 9 सितम्बर को प्रथम चरण का मतदान और 11 सितम्बर को द्वितीय चरण का मतदान होगा।
प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक मतदान होगा। 14 सितम्बर को मतगणना होगी।उन्होंने बताया कि नगर परिषद के सभापति तथा नगरपालिका के अध्यक्ष पद के चुनाव 21 सितंबर 2026 को होंगे।
इससे पूर्व अध्यक्ष पदों के लिये 15 सितम्बर को लोकसूचना जारी होगी। 16 सितम्बर को नामांकन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि, 17 सितम्बर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा, 18 सितम्बर को सायं 3 बजे तक अभ्यर्थिता वापिस लेने का समय रहेगा।
इसी दिन अभ्यर्थिता वापिस लेने के समय समाप्ति के बाद चुनाव चिन्हों का आवंटन होगा। 21 सितम्बर को मतदान होगा।
मतदान का समय प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक रहेगा। मतगणना 21 सितम्बर को मतदान समाप्ति के तुरन्त पश्चात होगी।निकाय चुनाव में उपाध्यक्ष पदों के लिये निर्वाचन की तिथि 22 सितम्बर 2026 रहेगी।
इसके लिये प्रातः 10 बजे बैठक प्रारम्भ होगी। प्रातः 11 बजे नामांकन प्रस्तुतिकरण का समय रहेगा।
11.30 बजे से संवीक्षा होगी। दोपहर 2 बजे तक अभ्यर्थिता वापसी का समय रहेगा।
मतदान आवश्यक हुआ तो दोपहर 2.30 बजे से 5 बजे तक होगा तथा मतदान के तुरन्त पश्चात मतगणना होगी।
इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम प्रशासन श्री सुभाष कुमार, आईएनसी से श्री भीमराज डाबी, श्री राकेश शर्मा, श्री रामदेव ढाका, श्री सुशील भादू, बीजेपी से श्री प्रदीप धेरड़, श्री गुरमेल सिंह, बीएसपी से श्री परमानन्द सैन, श्री सुरेश शेखावत, आम आदमी पार्टी से श्री कुलविन्दर सिंह सहित अन्य उपस्थित रहे।