जैसलमेर । आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए स्वर्णनगरी जैसलमेर को और अधिक सुंदर, सुविधाजनक एवं पर्यटक अनुकूल बनाने की दिशा में नगर परिषद जैसलमेर द्वारा व्यापक स्तर पर विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। नगर परिषद द्वारा 50.35 करोड़ रुपये की लागत से आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, खेल एवं शिक्षा सुविधाओं के विस्तार तथा शहर के सौन्दर्यकरण से जुड़े विभिन्न विकास कार्य करवाए जा रहे हैं।

          इसी क्रम में मंगलवार को जैसलमेर विधायक छोटूसिंह भाटी एवं पूर्व महारावल चौतन्यराजसिंह ने जोधपुर-रामगढ़ बाईपास लिंक रोड पर महारावल जैसलदेव जी की अश्वारूढ़ प्रतिमा का विधिवत शिलान्यास किया। इस अवसर पर स्वर्णनगरी के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यों का भी शिलान्यास किया गया।

          इस अवसर पर जैसलमेर विधायक छोटूसिंह भाटी ने कहा कि स्वर्णनगरी जैसलमेर की ऐतिहासिक पहचान को और मजबूत करते हुए आधुनिक सुविधाओं का विस्तार हमारी प्राथमिकता है। 50.35 करोड़ रुपये के विकास कार्यों से शहर के सौन्दर्यकरण, पर्यटन, खेल एवं आधारभूत सुविधाओं को नई गति मिलेगी। इन कार्यों से जैसलमेरवासियों के साथ देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

        पूर्व महारावल चौतन्यराजसिंह ने कहा कि जैसलमेर की ऐतिहासिक विरासत हमारी अमूल्य धरोहर है। हेरिटेज वॉक-वे एवं अन्य सौन्दर्यकरण कार्यों से स्वर्णनगरी की विरासत को नई पहचान मिलेगी। महारावल जैसलदेव जी की अश्वारूढ़ प्रतिमा का शिलान्यास जैसलमेर के गौरवशाली इतिहास के सम्मान का प्रतीक है।

हेरिटेज वॉक-वे से लेकर खेल सुविधाओं तक होंगे विकास कार्य

      नगर परिषद द्वारा करवाए जा रहे कार्यों में सोनार दुर्ग के चारों ओर किला पार्किंग तक हेरिटेज वॉक-वे का सौन्दर्यकरण एवं विकास प्रमुख रूप से शामिल है। इससे ऐतिहासिक सोनार दुर्ग के आसपास का क्षेत्र अधिक आकर्षक एवं पर्यटक अनुकूल बनेगा।

      इसके साथ ही पंचायत समिति सम चौराहा से नीरज बस स्टैंड सर्किल तक स्ट्रॉर्म वाटर ड्रेनेज निर्माण, पुलिस लाइन कच्ची बस्ती स्थित तनाश्रम में हॉल निर्माण, इन्दिरा इंडोर स्टेडियम में खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए बास्केटबॉल कोर्ट निर्माण, डेजर्ट क्लब में बैडमिंटन हॉल निर्माण, गड़ीसर सर्किल से डब्ल्यूआरडी कार्यालय तक रोड शोल्डर पर कोबल स्टोन कार्य तथा मेघवाल समाज भवन के छात्रावास में लाइब्रेरी निर्माण जैसे कार्य भी करवाए जाएंगे।

पर्यटन के साथ शहरवासियों को भी मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

             इन विकास कार्यों से जहां स्वर्णनगरी की ऐतिहासिक एवं पर्यटन पहचान को और मजबूती मिलेगी, वहीं शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं, खेलकूद के लिए आधुनिक संसाधन, विद्यार्थियों के लिए अध्ययन सुविधाएं तथा जल निकासी जैसी आधारभूत व्यवस्थाएं उपलब्ध होंगी।

           नगर परिषद का यह विकास अभियान ‘पर्यटन विकास के साथ समग्र नगरीय विकास’ की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। विकास कार्य पूर्ण होने के बाद जैसलमेर की खूबसूरती में निखार आने के साथ ही आगामी पर्यटन सीजन में देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को बेहतर एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध होगा।

          शिलान्यास कार्यक्रम के अवसर उपखण्ड अधिकारी जैसलमेर वीरेन्द्र सिंह, कार्यवाहक आयुक्त पवन कुमार, खेल अधिकारी राकेश विश्नाई, पूर्व प्रधान सुनीता भाटी, समाजसेवी दलपत हिंगड़ा भोपालसिंह, चन्द्र प्रकाश शारदा, पवन कुमार सिंह भाटी सिहड़ार, सवाई सिंह गोगली, सुरेन्द्र सिंह भाटी, भंवरसिंह साधना, मनोहर सिंह दामोदरा, नरेन्द्र सिंह बैरसियाला, सवाई सिंह देवड़ा के साथ ही अन्य जनप्रतिनिधिगण, नगरवासी एवं नगरपरिषद के अधिकारीगण उपस्थित रहे।