श्रीगंगानगर। जिला कलक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अमित यादव ने कहा कि नगरपालिका आम चुनाव 2026 एक समयबद्ध कार्यक्रम है, जिसका निर्धारित समय के अनुरूप सभी कार्य सम्पादित किये जाने हैं।

चुनाव जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी प्रकार की उदासीनता के बिना सतर्क रहकर कार्यों को पूर्ण करना है।

जिला कलक्टर बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाहॉल में नगरपालिका आम चुनाव को लेकर गठित प्रकोष्ठ प्रभारियों की बैठक में आवश्यक निर्देश दे रहे थे।उन्होंने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान के निर्देशानुसार 19 अगस्त को चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही जिले के सभी संबंधित शहरी निकायों में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।

निकाय चुनाव की संपूर्ण प्रक्रिया पूरी होने तक संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता प्रभावी रहेगी। निर्वाचन विभाग के निर्देशानुसार संबंधित विभागों द्वारा 24 घंटे, 48 घंटे एवं 72 घंटे में आदर्श आचार संहिता की पालना सुनिश्चित की जाये।

आदर्श आचार संहिता के दौरान किसी प्रकार के नवीन विकास कार्य स्वीकृत नहीं होंगे। राजनैतिक व्यक्ति राजकीय वाहनों, सर्किट हाउस व डाक बंगलों का उपयोग नहीं कर सकेंगे।

उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान प्रशिक्षण बेहद महत्वपूर्ण कार्य है। प्रशिक्षण जितना अच्छा होगा, चुनाव कार्य उतना ही भली प्रकार से सम्पादित होगा।

ईवीएम का रेण्डेमाइजेशन, मांगी गई सूचनाएं, वनरेबल पॉकेट की पहचान, संवेदनशील व अतिसंवेदनशील मतदान केन्द्रों के साथ-साथ नशीले पदार्थों के परिवहन उपयोग इत्यादि पर विशेष चौकसी रखनी होगी।उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान मतदान दलों को व चुनाव में लगे समस्त अधिकारियों-कर्मचारियों को किसी प्रकार का आतिथय स्वीकार नहीं करना है।

अस्वस्थ कार्मिकों की जांच के लिये मेडिकल बोर्ड का गठन होगा। चुनाव में मतदान का प्रतिशत अच्छा रहे, इसको लेकर स्वीप गतिविधियां प्रारम्भ की जायंे।

उन्होंने कहा कि मतदान केन्द्रों का भौतिक सत्यापन समय पर कर लिया जाये तथा मतदान केन्द्रों पर मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जायें। वृद्धजनों व विशेष योग्यजनों के लिये व्हीलचेयर की व्यवस्था की जाये।

चुनाव को लेकर निर्वाचन विभाग द्वारा समय-समय पर दिशा-निर्देश जारी किये जाते हैं, संबंधित अधिकारी उनका भली प्रकार से अध्ययन करें तथा राज्य स्तरीय नोडल के संपर्क में रहें।

इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम प्रशासन श्री सुभाष कुमार, जिला परिषद सीईओ श्री अभिषेक जैन, एसडीएम गंगानगर श्री नयन गौतम सहित प्रकोष्ठ प्रभारी उपस्थित रहे।दो चरणों में होंगे चुनावजिला कलक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अमित यादव ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग ने प्रदेश के 309 शहरी निकायों में चुनाव कराने की घोषणा की है।

निकाय चुनाव दो चरणों में होंगे। पहले चरण का मतदान 9 सितंबर 2026 तथा दूसरे चरण का मतदान 11 सितंबर 2026 को होगा।

पहले चरण में श्रीगंगानगर जिले की नगरपालिका सूरतगढ, श्रीबिजयनगर, रायसिंहनगर, अनूपगढ व घडसाना और द्वितीय चरण में श्रीगंगानगर नगर परिषद, नगरपालिका सादुलशहर, श्रीकरणपुर, केसरीसिंहपुर, पदमपुर व गजसिंहपुर में चुनाव होंगे।

मतगणना के बाद चुनाव परिणाम 14 सितंबर 2026 को घोषित किए जाएंगे। 31 अगस्त से आरंभ होंगे नामांकनराज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में निकाय चुनावों को दो चरणों में कराये जायेंगे।

इसके तहत प्रथम चरण 9 सितंबर 2026 को मतदान, द्वितीय चरण 11 सितंबर 2026 को मतदान, मतगणना एवं परिणाम 14 सितंबर 2026 होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निकाय चुनाव की अधिसूचना 27 अगस्त 2026 को जारी होने के साथ ही नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।

नामांकन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त होगी। 1 सितम्बर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा, 3 सितम्बर को सायं 3 बजे तक अभ्यर्थिता वापिस ली जा सकती है।

4 सितम्बर को चुनाव चिन्हों का आवंटन होगा। 9 सितम्बर को प्रथम चरण का मतदान और 11 सितम्बर को द्वितीय चरण का मतदान होगा।

प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक मतदान होगा तथा 14 सितम्बर को मतगणना होगी।21 सितंबर को होंगे निकाय अध्यक्षीय पदों के चुनावपार्षदों के चुनाव और परिणाम घोषित होने के बाद नगर निकायों के अध्यक्षीय पदों के निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू होगी।

नगर परिषद के सभापति तथा नगरपालिका के अध्यक्ष पद के चुनाव 21 सितंबर 2026 को होंगे। इससे पूर्व अध्यक्षीय पदों के लिये 15 सितम्बर को लोकसूचना जारी होगी।

16 सितम्बर को नामांकन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि, 17 सितम्बर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा, 18 सितम्बर को सायं 3 बजे तक अभ्यर्थिता वापिस लेने का समय रहेगा।

इसी दिन अभ्यर्थिता वापिस लेने के समय समाप्ति के बाद चुनाव चिन्हों का आवंटन होगा। 21 सितम्बर को मतदान होगा।

मतदान का समय प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक रहेगा। मतगणना 21 सितम्बर को मतदान समाप्ति के तुरन्त पश्चात होगी।इसी प्रकार उपाध्यक्षीय पदों के लिये निर्वाचन की तिथि 22 सितम्बर 2026 रहेगी।

इसके लिये प्रातः 10 बजे बैठक प्रारम्भ होगी। प्रातः 11 बजे नामांकन प्रस्तुतिकरण का समय रहेगा।

11.30 बजे से संवीक्षा होगी। दोपहर 2 बजे तक अभ्यर्थिता वापसी का समय रहेगा।

मतदान आवश्यक हुआ तो दोपहर 2.30 बजे से 5 बजे तक होगा तथा मतदान के तुरन्त पश्चात मतगणना होगी।