उदयपुर।गोल्डन रेज पब्लिक स्कूल में 26 नवंबर 2025 से आरम्भ हुआ तीन दिवसीय वार्षिक खेल महोत्सव ऊर्जा, जोश और खेल भावना का अद्भुत संगम सिद्ध हो रहा है। महोत्सव के पहले और दूसरे दिन छात्रों ने जिस उत्साह और उमंग के साथ विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं में भाग लिया, उसने पूरे परिसर को उत्सवमय बना दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ उल्लासपूर्ण वातावरण में हुआ। विभिन्न हाउसों के छात्रों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देकर कार्यक्रम की रंगत बढ़ाई। इसके बाद हाउस कैप्टन एवं प्रतिनिधियों ने अपने-अपने दल की प्रेरक शपथ के माध्यम से निष्पक्ष खेल, अनुशासन और टीम भावना का संकल्प दोहराया।

पहले दिन ट्रैक एवं फील्ड स्पर्धाओं की शुरुआत में ही बच्चों के उमंग भरे प्रदर्शन ने दर्शकों की तालियाँ बटोरीं। दौड़, लॉन्ग जम्प, रिले रेस और विभिन्न एथलेटिक मुकाबलों में छात्रों ने बेहतरीन फुर्ती और खेल कौशल का परिचय दिया। वहीं छोटे वर्ग के बच्चों की फन रेस और थीम-बेस्ड खेल गतिविधियों ने कार्यक्रम में मनोरंजन का नया रंग भरा।

दूसरे दिन बास्केटबॉल, खो-खो, कबड्डी, फुटबॉल और बैडमिंटन जैसे टीम खेलों में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। खिलाड़ियों की प्रतिस्पर्धा, रणनीति और आपसी तालमेल ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। शिक्षक एवं अभिभावकों की मौजूदगी से बच्चों का मनोबल दोगुना हुआ।

स्कूल प्रबंधन ने बताया कि इस खेल महोत्सव का उद्देश्य छात्रों में नेतृत्व कौशल, टीम वर्क, फिटनेस और खेल भावना का विकास करना है। खेल केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम है – इस संदेश को कार्यक्रम के हर चरण में आत्मसात किया गया।

तीसरे दिन होने वाले समापन समारोह में विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे तथा विशेष आकर्षण के रूप में मार्च-पास्ट और पी.टी. ड्रिल का भव्य प्रदर्शन भी आयोजित किया जाएगा।

 

Source: