कोटा। राजकीय मंडल सार्वजनिक पुस्तकालय, कोटा के प्रमुख एवं कोटा संभाग के नोडल अधिकारी डॉ. दीपक कुमार श्रीवास्तव को अंतरराष्ट्रीय पुस्तकालय संघ एवं संस्थान महासंघ (इफ़्ला) के 2025–2027 कार्यकाल के लिए गवर्नमेंट लाइब्रेरीज़ सेक्शन के सूचना समन्वयक अधिकारी के रूप में इफ़्ला ऑफिसर्स बेसकैम्प में शामिल किया गया है।
डॉ. श्रीवास्तव का चयन 151 देशों से चयनित 143 वैश्विक अधिकारियों में हुआ है, जो न केवल उनके लिए, बल्कि पूरे भारत के पुस्तकालय जगत के लिए गर्व का विषय है। यह चयन विश्वस्तरीय नेतृत्व व सहयोग मंच पर भारत की सक्रिय और सशक्त उपस्थिति को दर्शाता है।
इसकी पुष्टि करते हुए इफ़्ला मुख्यालय की प्रोफेशनल सपोर्ट कोऑर्डिनेटर, मेगन प्राइस ने एक आधिकारिक ईमेल के माध्यम से जानकारी दी। उन्होंने कहा:
"हैलो सेक्शन इंफॉर्मेशन कोऑर्डिनेटर्स! आपको इफ़्ला ऑफिसर्स बेसकैम्प 2025–2027 में जोड़ा गया है। शुक्रवार को आपको आपके डिवीजन कमेटी बेसकैम्प में भी जोड़ा जाएगा, जहां आप अन्य अधिकारियों से संवाद कर सकेंगे। इस कार्यकाल में आप सभी के साथ काम करने को लेकर उत्साहित हूं।"
— मेगन प्राइस, इफ़्ला हेडक्वार्टर, हेग नीदरलेण्ड
इस उपलब्धि पर डॉ. श्रीवास्तव ने कहा: "यह मेरा सौभाग्य है कि मुझे 151 देशों में से 143 वैश्विक अधिकारियों में स्थान मिला। यह भारत की जन पुस्तकालय प्रणाली की अंतरराष्ट्रीय मान्यता है और मैं इफ़्ला के इस मंच के माध्यम से भारतीय नवाचारों को विश्व स्तर पर प्रस्तुत करने के लिए प्रतिबद्ध हूं।"
उनकी यह नियुक्ति न केवल कोटा और राजस्थान, बल्कि संपूर्ण भारत के लिए पुस्तकालय क्षेत्र में एक प्रेरणास्पद उपलब्धि है।
Source: