उदयपुर,महारााणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, उदयपुर के कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी एंड इंजीनियरिंग (सीटीएई) में आज 7 नवंबर, 2025 को टेक इनोवेशन बूट कैंप का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम बिट्स पिलानी एवं विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन एवं अध्यक्षता सीटीएई के अधिष्ठाता प्रो. राम हरि मीणा ने की। अपने उद्घाटन संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों को नवाचार (Innovation) की दिशा में कार्य करने तथा अपनी उद्यमशीलता क्षमता (Entrepreneurial Ability) प्रदर्शित करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम संयोजक प्रो. विक्रमादित्य दवे ने बताया कि तकनीकी सत्र की अध्यक्षता बिट्स पिलानी के फैकल्टी सदस्यों — डाॅ. दीपक चितकारा, श्री रजनीश एवं सुश्री अंचल वर्मा द्वारा की गई। तकनीकी सत्र में नवाचारी प्रोटोटाइप मॉडल विकसित करने के तरीकों पर विस्तृत चर्चा की गई तथा बौद्धिक संपदा अधिकार (IPR) से संबंधित जानकारी भी प्रदान की गई। कार्यक्रम के दौरान भारतीय नवाचारों को विशेष रूप से रेखांकित किया गया। साथ ही विद्यार्थियों में नवाचार के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से एक क्विज़ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। प्रो. दवे ने बताया कि लगभग 200 विद्यार्थियों ने इस बूट कैंप में भाग लिया। कार्यक्रम का समापन प्रो. विक्रमादित्य दवे द्वारा आभार प्रस्ताव के साथ हुआ। इस अवसर पर सीटीएई के संकाय सदस्य एवं स्टाफ भी उपस्थित रहे।

Source: