उदयपुर । महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (उदयपुर) के संघटक सामुदायिक एवं व्यावहारिक विज्ञान महाविद्यालय में सीसीएएस स्टैंडर्ड्स क्लब द्वारा राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के सात दिवसीय विशेष शिविर के अंतर्गत, ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड्स, जयपुर के सहयोग से "हॉलमार्किंग: सोने/चांदी में शुद्धता का विश्वास” विषय पर पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की अधिष्ठाता डॉ. धृति सोलंकी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए हॉलमार्किंग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हॉलमार्किंग सोना चांदी की गुणवत्ता और शुद्धता का प्रमाण है तथा यह उपभोक्ताओं के विश्वास को सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने विद्यार्थियों को इस प्रकार की गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने और गुणवत्ता के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।
इस प्रतियोगिता में 40 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और हॉलमार्किंग के महत्व, उपभोक्ता जागरूकता तथा गुणवत्ता के प्रति विश्वास को अपने पोस्टरों के माध्यम से प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया। प्रतिभागियों ने बीआईएस हॉलमार्क के प्रतीकों, सोने एवं चांदी के आभूषणों तथा शुद्धता और प्रमाणिकता के संदेश को रचनात्मक ढंग से दर्शाया।
इस अवसर पर क्लब की मेंटर एमेरिटस प्रोफेसर डॉ. सुमन सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि हॉलमार्किंग उपभोक्ताओं के विश्वास का प्रतीक है और शुद्धता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
एन.एस.एस. शिविर के समापन सत्र में प्रतियोगिता के विजेता छात्रों के नामों की घोषणा की जाएगी। कार्यक्रम के आयोजन में डॉ. रेखा व्यास, डॉ. हेमू राठौड़, डॉ. मोनिका रॉय एवं डॉ. अंजली जुयाल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
Source: