श्रीगंगानगर। राष्ट्रीय पुस्तक न्यास, भारत (नेशनल बुक ट्रस्ट, इंडिया-एनबीटी), भारत सरकार द्वारा राजकीय सार्वजनिक जिला पुस्तकालय, श्रीगंगानगर के सहयोग से पुस्तक प्रदर्शनी 28 अगस्त से 3 सितम्बर 2025 तक आयोजित की जायेगी।
एनबीटी के प्रबंधक मो. इमरानुल हक ने बताया कि भगत सिंह चौक स्थित जिला पुस्तकालय श्रीगंगानगर में आयोजित पुस्तक प्रदर्शनी के दौरान एनबीटी द्वारा प्रकाशित हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू, पंजाबी एवं क्षेत्रीय भाषा की पुस्तकें अवलोकन एवं बिक्री हेतु उपलब्ध होगी। प्रदर्शनी में सभी आयु वर्ग के पाठकों के लिए विभिन्न विषयों पर कहानी, उपन्यास, महापुरुषों की जीवनियां, लोकोपयोगी विज्ञान, भारत-देश और लोग, युवाओं के साथ-साथ बच्चों की पुस्तकों का विशेष संकलन भी उपलब्ध होगा। पुस्तकों की खरीद पर एनबीटी द्वारा 10 प्रतिशत की छूट प्रदान की जाएगी। प्रदर्शनी में इच्छुक पाठक और पुस्तक प्रेमी बेहद मामूली शुल्क देकर एनबीटी बुक क्लब (किताब क्लब) की सदस्यता भी प्राप्त कर सकते हैं। किताब क्लब की सदस्यता लेने पर पाठक आजीवन 20 प्रतिशत छूट का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
28 अगस्त को 11 बजे पुस्तक प्रदर्शनी का शुभारम्भ
28 अगस्त को प्रातः 11 बजे राजकीय सार्वजनिक जिला पुस्तकालय श्रीगंगानगर के हॉल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला कलक्टर डॉ. मंजू द्वारा पुस्तक प्रदर्शनी का उद्घाटन किया जाएगा। इस मौके पर भाषा एवं पुस्तकालय विभाग, राजस्थान सरकार, जयपुर की विशेषाधिकारी डॉ. मृदुला चतुर्वेदी तथा जिला शिक्षा अधिकारी मुख्यालय माध्यमिक श्री सत्यप्रकाश टेलर सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति विशेष रूप से मौजूद रहेंगे।
राष्ट्रीय पुस्तक न्यास 60 से अधिक भारतीय भाषाओं में पुस्तकें प्रकाशित करता है
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय पुस्तक न्यास, भारत सरकार के अंतर्गत एक सरकारी संस्थान है, जिसका मुख्य उद्देश्य किफायती मूल्यों पर उच्च कोटि की पुस्तकों का प्रकाशन कर देश के विभिन्न भागों में आम पाठकों तक पहुंचाना है। एनबीटी 60 से अधिक भारतीय भाषाओं और बोलियों में सभी आयु वर्गों के लिए गुणवत्तापूर्ण पुस्तकें प्रकाशित करता है और नियमित रूप से पुस्तक मेले, प्रदर्शनियों, सचल पुस्तक प्रदर्शनियों, कार्यशालाओं, साहित्यिक कार्यक्रम और शैक्षिक आउटरीच कार्यक्रम आयोजित करता है, खासकर बच्चों और युवाओं के लिए। राष्ट्रीय पुस्तक न्यास द्वारा जिलेवासियों से 28 अगस्त से 3 सितम्बर तक भगत सिंह चौक स्थित जिला पुस्तकालय श्रीगंगानगर में आयोजित पुस्तक प्रदर्शनी में अधिकाधिक संख्या में शामिल होकर पुस्तक संस्कृति के विकास और प्रोन्नयन में अपना बहुमूल्य योगदान देकर पुस्तक प्रदर्शनी को सफल बनाने का आह्वान किया गया है।