श्रीगंगानगर, खरीफ 2025 की फसल की ऑनलाइन गिरदावरी को लेकर जिले में जागरूकता गतिविधियां जारी हैं। जिले में एसडीएम, तहसीलदार व नायब तहसीलदार खेतों में जाकर किसानों को जागरूक कर रहे हैं और मोबाइल एप से गिरदावरी के लिए प्रेरित भी कर रहे हैं।
जिला कलक्टर डॉ. मंजू के अनुसार किसान गिरदावरी एप किसानों के लिए बेहद उपयोगी है। इस पहल से किसान स्वावलंबी बनेंगे और उन्हें किसी मध्यस्थ पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। अधिकारियों द्वारा किसानों को बताया जा रहा है कि किसान गिरदावरी एप के माध्यम से वे स्वयं अपनी फसल का विवरण दर्ज कर सकते हैं। इससे फसल का सटीक रिकॉर्ड उपलब्ध होगा, पारदर्शिता बढ़ेगी और सरकार व बीमा कंपनियों को सही आंकड़े मिलेंगे। इससे किसानों को योजनाओं और फसल बीमा का लाभ भी तेजी से मिलेगा।
ऐसे करें ऑनलाइन गिरदावरी
गूगल प्ले स्टोर से किसान गिरदावरी एप डाउनलोड करें। जनआधार नंबर डालकर ओटीपी से लॉगिन करें। अपनी लोकेशन/खसरा चुनें और फसल जोड़ें। फसल का नाम, क्षेत्रफल, सिंचाई साधन और फोटो अपलोड करें। प्रीव्यू देखने के बाद आवेदन सबमिट करें। जिला कलक्टर ने अपील की है कि जिले के किसान खरीफ 2025 की गिरदावरी स्वयं ऑनलाइन करें और सरकारी योजनाओं का समय पर लाभ उठाएं।