उदयपुर,सेंट पॉल्स स्कूल, उदयपुर के तत्वावधान में सी.बी.एस.ई. इंटर स्कूल मिनी मैराथन प्रतियोगिता का आयोजन 9 नवंबर, रविवार को किया जाएगा। आयोजन की तैयारियाँ जोरों पर हैं और छात्रों में उत्साह का माहौल है।


स्कूल के प्रिंसिपल फादर ए. जॉन बोस्को ने बताया कि यह मिनी मैराथन सुबह 6:30 बजे महाकालेश्वर मंदिर परिसर से शुरू होकर फतहसागर झील किनारे वाले मार्ग से होते हुए फिश एक्वेरियम (फतहसागर पाल) पर सम्पन्न होगी। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, स्वास्थ्य जागरूकता और टीम वर्क की भावना को विकसित करना है।

प्रतियोगिता में उदयपुर के सी.बी.एस.ई. से संबद्ध विद्यालयों के कक्षा 9 से 12 तक के लगभग 1000 छात्र-छात्राएं भाग लेंगे। सभी प्रतिभागियों को निःशुल्क टी-शर्ट प्रदान की जाएगी। प्रतियोगिता में विजेता प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर आकर्षक नकद पुरस्कार दिए जाएंगे।

स्कूल के मैनेजर फादर स्टीफन रावत ने बताया कि इस अवसर पर भारत की प्रसिद्ध धाविका, अर्जुन अवार्ड से सम्मानित एवं एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता सुश्री दुती चन्द मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी। वे अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को फिटनेस, अनुशासन और स्पोर्ट्समैनशिप के महत्व से प्रेरित करेंगी।

सुश्री दुती चन्द भारत की तेज़तम महिला धाविका हैं जिन्होंने 2018 एशियाई खेलों में दो रजत पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया। वे भारत की पहली महिला खिलाड़ी हैं जिन्होंने विश्व एथलेटिक्स फेडरेशन के नियमों को चुनौती देकर इतिहास रचा और कई युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत बनीं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महारानी साहिबा निवृत्ति कुमारी मेवाड़ करेंगी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में सी.बी.एस.ई. अजमेर रीजन के उप सचिव एवं प्रमुख उत्कृष्टता केंद्र के प्रमुख श्री संजीव श्रीवास्तव उपस्थित रहेंगे।

आयोजन की सफलता के लिए विद्यालय स्तर पर विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। विद्यालय प्रबंधन ने सभी अभिभावकों, छात्रों और खेल प्रेमियों से इस कार्यक्रम में सम्मिलित होकर इसे सफल बनाने का आग्रह किया है।

Source: