वैदिक साधन आश्रम तपोवन, देहरादून का 4 दिवसीय शरदुत्सव आज सोल्लास आरम्भ हआ। आज हम इस उत्सव के प्रातःकालीन सत्र जिसमें यज्ञ, भजन एवं प्रवचन होते हैं, कुछ समय के लिये सम्मिलित हुए।

आज प्रातः 7.30 बजे से आरम्भ हुआ। यह यज्ञ राजेन्द्र नगर, दिल्ली के विद्वान धर्माधिकारी एवं आचार्य श्री गोपीचन्द शास्त्री जी के ब्रह्मतत्व में सम्पन्न किया गया।

यज्ञ में देहरादून और देश के दूरस्थ स्थानों से पधारे अनेक दम्पती एवं आर्यबन्धु सम्मिलित हुए। यज्ञ के पश्चात आर्यजगत के विख्यात भजनोपदेशक श्री दिनेश पथिक जी के भजन हुए।

भजन के पश्चात आचार्य आशीष दर्शनाचार्य जी ने श्रोताओं को सम्बोधित किया और वैदिक धर्म सम्मत अनेक उपयोगी एवं हितकारी बातें श्रद्धालु श्रोताओं को बताईं।

उनका व्याख्यान यज्ञ के महत्व पर केन्द्रित था। उन्होंने कहा कि जिन कर्मों से हमारा मोक्ष एवं जीवन की सफलता के कार्य सिद्ध व पूर्ण होते हैं उन्हें यज्ञ कर्म कहते हैं।

आचार्य जी ने कहा कि हमें उत्तम कर्मों को करते हुए जीवन में आगे बढ़ना है। हम कार्यक्रम में देर से पहुंचें थे।

हम आचार्य जी का पूरा व्याख्यान नहीं सुन सके। उनके व्याख्यान की समाप्ति से कुछ समय पहले ही हम आश्रम पहुंचे थे।

अतः समापन में उन्हें जो शब्द कहे उन्हीं को हमने सुना व यहां प्रस्तुत किया है।

आचार्य आशीष दर्शनाचार्य जी ने अपना उद्बोधन समाप्त करने के पश्चात मंच पर विद्यमान स्वामी चित्तेश्वरानन्द सरस्वती जी को श्रोताओं को आशीर्वाद देने के लिए प्रार्थना की।

स्वामी जी आयोजन में पधारे अवश्य थे परन्तु उनका स्वास्थय ठीक नहीं चल रहा है। अतः वह श्रोताओं को सम्बोधित नहीं कर सके।

मंच पर रोजड़ के प्रसिद्ध संन्यासी एवं विद्वान स्वामी मुक्तानन्द सरस्वती जी भी उपस्थित थे। उनसे आशीर्वचनों के लिये निवेदन किया गया।

स्वामी जी ने कहा कि ईश्वर सब मनुष्यों पर कृपा करते हैं। हमें उनसे वेदानुकूल वेदवचनों से प्रार्थना करनी चाहिये।

उन्होंने कहा कि हमें अपने जीवन में कभी किसी प्रकार का भी पापाचरण नहीं करना चाहिये। हम अपने अपने जीवन में प्रतिदिन कुछ पुण्य कर्मों को अवश्य करते रहें।

ईश्वर की भक्ति भी हम सबको अवश्य करनी चाहिये। हमें परमात्मा की उपस्थिति वा व्यापकता को अपनी आत्मा में अनुभव करना चाहिये।

उसके गुणों को जानना चाहिये और उनके गुणों का ध्यान करना चाहिये। इसके लिए हमें वेद और ऋषियों के ग्रन्थों का नियमित स्वाध्याय करना चाहिये।

स्वामी मुक्तानन्द जी ने कहा कि हमारे मनों में प्रसन्नता रहनी चाहिये। हमारे मन में प्रसन्नता बनी रहे, इसके अनुरुप कार्यों को जानना चाहिये और उन्हें करते रहना चाहिये।

इसी के साथ प्रातःकालीन यज्ञ, भजन एवं उपदेश का कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का संचालन देहरादून के आर्य पुरोहित श्री वेदवसु शास्त्री जी के सुपुत्र श्री ऋषभ आर्य जी ने किया।

उन्होंने शान्ति पाठ कराया और आगामी कार्य ध्वजारोहण की सूचना सभी श्रोताओं को दी।

ध्वजारोहण के लिये सभी अतिथिगण, ऋषिभक्त एवं विद्वान आदि आश्रम के प्रांगण में उपस्थित हुए। ध्वजारोहण के लिये मंच पर अनेक विद्वान एवं विशिष्टजन उपस्थित थे।

उनके सम्मुख बाईं ओर स्त्रियां व मातायें पंक्तिबद्ध खड़ी थी और माताओं की बाईं ओर आश्रम में पधारे सभी पुरुष अतिथिगण पंक्तिबद्ध खड़े थे।

पुरुषों की बाईं ओर आश्रम द्वारा संचालित तपोवन विद्या निकेतन जूनियर हाईस्कूल के बालक व बालिकायें भी बड़ी संख्या में पंक्तिबद्ध खड़े थे।

मंच पर आचार्य आशीष दर्शनाचार्य जी के साथ स्वामी चित्तेश्वरानन्द सरस्वती जी, स्वामी मुक्तानन्द सरस्वती जी, पं दिनेश पथिक जी, प्रधानाचार्या श्रीमती उषा नेगी जी, आश्रम के मंत्री श्री श्याम आर्य जी, कोषाध्यक्ष श्री अशोक वर्मा जी एवं अनेक विद्वान अतिथि थे।

ध्वजारोहण से पूर्व आचार्य आशीष जी ने अपने सम्बोधन में कहा कि सब आर्यजन ओ३म् ध्वज के नीचे खड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह ध्वज इस बात का प्रतीक है कि ओ३म् ईश्वर हमारे लिए सबसे बड़े हैं और वह हमारे सबके ऊपर हैं।

हमारे जीवन में ईश्वर की आज्ञायें सबसे ऊपर हैं। उन ईश्वर की आज्ञाओं का हमें पालन करना है।

हम सभी ओ३म् ध्वज के नीचे खड़े हैं। हम सब ईश्वर की आज्ञाओं का पालन करेंगे यह बात ओ३म् घ्वजारोहण से हमें ज्ञात होती हैं।

इसके पश्चात स्वामी चित्तेश्वरानन्द सरस्वती जी के कर-कमलों से ध्वजारोहण सम्पन्न हुआ। इसके साथ ही वेद मन्त्र से राष्ट्रीय प्रार्थना की गई और तपोवन विद्या निकेतन की छात्राओं ने ध्वजगीत गाकर प्रस्तुत किया।

शान्ति पाठ के साथ ध्वजारोहण का कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। इसके बाद सभी लोगों ने मिलकर प्रातराश लिया।

दिन का कार्यक्रम आश्रम के सभागार में 10.30 बजे से आरम्भ हुआ। अस्वस्थ होने के कारण हम प्रातराश के बाद अपने निवास पर लौट आये।

आज के आयोजन में सम्मिलित होकर हमें प्रसन्नता हुई।

इसका कारण आश्रम में अनेक विद्वानों के दर्शन, अनेक मित्रों से भेंट तथा दिल्ली से पधारे यज्ञ के ब्रह्मा पं. गोपीचन्द शास्त्री जी तथा सरकारी स्कूल में शिक्षक डा. देवेश प्रकाश जी से भेंट एवं संक्षिप्त वार्तालाप होना रहा।

आश्रम के कोषाध्यक्ष श्री अशोक वर्मा जी हमारे मित्र हैं। उनसे भी हमने परस्पर विषयों पर चर्चायें की।

उन्होंने बताया कि वह कुछ दिन पूर्व लेह व लद्दाख की अपनी कार द्वारा यात्रा करके लौटे हैं। उन्होंने लगभग 65 वर्ष की आयु में चार हजार किलोमीटर की ड्राइविंग की।

उनकी यात्रा सुखद रही। सादर। ओ३म् शम्।

-मनमोहन कुमार आर्य पताः 196 चुक्खूवाला-2 देहरादून-248001 फोनः09412985121