आर्यसमाज के अनुयायियों एवं मनुस्मृति-प्रेमियों के लिये हर्ष का समाचार है कि 45 वर्ष पूर्व सन् 1981 में प्रथमवार प्रकाशित और कई दशकों से अनुपलब्ध आर्यजगत के शीर्ष विद्वान पं. राजवीर शास्त्री द्वारा सम्पादित विशुद्ध मनुस्मृति का नया संस्करण प्रकाशित हो गया है।

इस संस्करण के प्रकाशित होने से आर्यसमाज और देश की वर्तमान पीढ़ी और भावी कुछ पीढ़ियां इससे लाभान्वित होंगी। विशुद्ध मनुस्मृति का प्रथम संस्करण आर्ष साहित्य प्रचार ट्रस्ट, दिल्ली से इसके अध्यक्ष एवं स्वामी महान ऋषिभक्त लाला दीपचन्द आर्य जी ने प्रकाशित कराया था।

उन्होंने इस संस्करण को अपने पवित्र धन से आचार्य राजवीर शास्त्री एवं डा. सुरेन्द्र कुमार जी से शोध कराकर तैयार किया था और इसे भव्य रूप में प्रकाशित किया था।

प्रक्षिप्त मनुस्मृति शोध का यह कार्य सम्भवतः प्रथमवार किया गया। इस संस्करण में 548 पृष्ठ थे।

हमने सन् 2010 में इस ग्रन्थ का आद्योपान्त अध्ययन किया था और इसे वैदिक साहित्य सत्यार्थप्रकाश, ऋग्वेदादिभाष्यभूमिका, चार वेदों के भाष्य, 6 दर्शन एवं 11 उपनिषदों आदि में महत्वपूर्ण अनुभव किया था।

मनुस्मृति का यह अत्यन्त शुद्ध स्वरूप है एवं अत्यन्त सरल भी है जिसे पढ़कर मनुस्मृति के विषय में समाज में फैली हुई सभी भ्रान्तियों का निराकरण होता है और ज्ञात होता है कि यह ग्रन्थ पूर्णरूपेण सत्यार्थप्रकाश, दर्शन एवं उपनिषदों के समान ही महत्वपूर्ण है।

हम आशा करते हैं कि वैदिक साहित्य के अध्ययन में रुचि रखने वाले सभी बन्धु इस ग्रन्थ से लाभ उठायेंगे।

शुद्ध मनुस्मृति के नये संस्करण को प्राप्त करने के लिये इस ग्रन्थ को आचार्य राजवीर शास्त्री जी के सुपुत्र यशस्वी श्री विनय आर्य, गाजियाबाद से प्राप्त किया जा सकता है।

श्री विनय आर्य जी ही इस ग्रन्थ के प्रकाशक हैं। उनका पता है: श्री विनय आर्य, भूपेन्द्र पुरी, मोदीनगर, गाजियाबाद (उत्तरप्रदेश) 9868948593, 7983730412।

पुस्तक में 638 पृष्ठ हैं। पुस्तक का मूल्य रु 280.00 है।

पुस्तक में अच्छे कागज का प्रयोग किया गया है। पुस्तक प्राप्ति के लिये ग्राहकों व पाठकों को श्री विनय आर्य जी को यह राशि एवं डाक व्यय देना होगा।

भुगतान श्री विनय आर्य जी को यूपीआई से किया जा सकता है। इसके लिये श्री विनय आर्य जी से फोन पर जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

‘‘शुद्ध मनुस्मृति” अनेक विशेषताओं से युक्त है। इस ग्रन्थ में कीर्तिशेष लाला दीपचन्द आर्य जी द्वारा लिखित प्रथम संस्करण के प्रकाशकीय शब्दों को यथावत् प्रकाशित किया गया है।

इसमें पाठकों को अनेक महत्वपूर्ण जानकारियां मिलती हैं। इस प्रकाशकीय के बाद पं. राजवीर शास्त्री जी द्वारा लिखित विस्तृत प्राक्कथन है।

इसमें भी अनेक महत्वपूर्ण जानकारियां हैं। इस प्राक्कथन के बाद शुद्ध मनुस्मृति के मन्त्र एवं उनके अर्थ दिए गये हैं।

इस अत्यन्त प्राचीन ग्रंथ को एक महीने में ही पढ़कर समाप्त किया जा सकता है यदि हम प्रति दिन 20 पृष्ठ पढ़ें। ऐसा करने से पाठकों के मनुस्मृति विषयक समाज में फैलाये गये सभी भ्रम दूर हो सकते हैं।

हम अनुभव करते हैं कि इस ग्रन्थ का अधिक से अधिक प्रचार होना चाहिये जिससे आर्ष साहित्य प्रचार ट्रस्ट, दिल्ली के अध्यक्ष लाला दीपचन्द आर्य जी और आचार्य राजवीर शास्त्री जी द्वारा कराये गये इस अनुसंधानपूर्ण कार्य से पाठक विदित हो सकें और कालान्तर में वैदिक धर्म एवं संस्कृति के विरोधियों द्वारा देश व समाज से फैलाये गये व फैलाये जा रहे भ्रमों का निवारण हो हो सके।

हम यहां यह भी बता दें कि ‘मनुस्मृति ग्रन्थ’ महर्षि मनु व सृष्टि के आद्य राजा मनु के द्वारा प्रोक्त ग्रन्थ है। महाभारत के बाद अनेक लोगों में इसमें प्रक्षेप किये हैं।

इस विशुद्ध मनुस्मृति में सभी प्रक्षेपों को शोध कर पृथक कर दिया गया है और मनुस्मृति के मूल स्वरूप को पाठकों के लिए प्रस्तुत किया गया है। यह ग्रन्थ सृष्टि के आरम्भ में आदि राजा महर्षि मनु ने तैयार किया था।

तभी से यह ग्रन्थ राज्य व शासनों के संविधान के रूप में स्वीकृत रहा है, ऐसा हम समझते है। सभी सुधी पाठकों को इसे पढ़कर लाभान्वित होना चाहिये।

ओ३म् शम्।

-मनमोहन कुमार आर्य पताः 196 चुक्खूवाला-2 देहरादून-248001 फोनः09412985121