श्रीगंगानगर। जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव एवं जिला पुलिस अधीक्षक श्री हरीशंकर के नेतृत्व में जारी नशा मुक्त श्रीगंगानगर अभियान के तहत मटीलीराठान में ”नशा मुक्ति रक्षा कवच अभियान“ का आयोजन किया गया।सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के श्री विक्रम ज्याणी ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थय को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार की खुशियों, आर्थिक स्थिति और सामाजिक सम्मान को भी प्रभावित करता है।
यदि प्रत्येक भाई अपनी बहन की राखी का सम्मान करते हुए नशा छोड़ने का संकल्प ले, तो समाज से अनेक बुराइयों का स्वतः अंत हो सकता है।
कार्यक्रम में उपस्थितजनों ने विश्वास दिलाया कि वे जीवनभर किसी भी प्रकार का नशा नहीं करेंगे तथा दूसरों को भी नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करेंगे।
इस अवसर पर बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधते हुए उनसे आजीवन नशे से दूर रहने का संकल्प लिया और स्वस्थ, सुरक्षित तथा संस्कारित समाज के निर्माण का संदेश दिया।
बहनों ने कहा कि राखी केवल रक्षा का धागा नहीं, बल्कि विश्वास, प्रेम और जिम्मेदारी का प्रतीक है।
उन्होंने अपने भाइयों से वचन लिया कि वे सभी प्रकार के नशों से दूर रहकर अपने परिवार, समाज और राष्ट्र का गौरव बढ़ाएंगे।विद्यालय के प्रधानाचार्य ने कहा कि रक्षाबंधन का वास्तविक अर्थ केवल बहन की रक्षा का वचन देना नहीं, बल्कि स्वयं को हर उस बुराई से बचाना भी है, जो परिवार और समाज के लिए घातक हो।
मटीलीराठान थानाधिकारी श्री मुकेश कुमार नशा मुक्त युवा ही सशक्त परिवार, समृद्ध समाज और विकसित राष्ट्र की आधारशिला हैं। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी नागरिकों को श्री सहीराम, श्री प्रवीण कुमार ने सामूहिक रूप से ”नशा मुक्त‘ की शपथ दिलाई।