उदयपुर। लेकसिटी उदयपुर की समृद्ध ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को करीब से देखने और समझने के लिए 18 विभिन्न देशों के प्रमुख सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स एवं डिजिटल क्रिएटर्स का एक प्रतिनिधिमंडल उदयपुर पहुंचा। अपने भ्रमण के दौरान इस अंतरराष्ट्रीय दल ने ऐतिहासिक सिटी पैलेस संग्रहालय एवं पिछोला झील स्थित जगमंदिर पैलेस का अवलोकन किया।
मेवाड़ के गौरवशाली इतिहास, अद्भुत स्थापत्य कला और सांस्कृतिक वैभव को समर्पित सिटी पैलेस संग्रहालय की विभिन्न दीर्घाओं (गैलेरियों) को देखकर इन्फ्लुएंसर्स पूरी तरह अभिभूत नजर आए। संग्रहालय के समृद्ध संग्रह और राजसी वैभव की सराहना करते हुए उन्होंने एक स्वर में कहा, “मेवाड़ की समृद्ध विरासत और यहां का स्थापत्य सौंदर्य पूरी दुनिया में अद्वितीय है।”
सिटी पैलेस की दीर्घाओं ने मोहा मन भ्रमण के दौरान प्रतिनिधियों को सिटी पैलेस संग्रहालय की ऐतिहासिक धरोहरों, सूर्य चक्र, मोरा चौक, जनाना महल और शस्त्रागार सहित मेवाड़ के वीरों की शौर्य गाथाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इन्फ्लुएंसर्स ने महल की झरोखों, कांच के बारीक काम और मेवाड़ी चित्रशैली की बारीकियों को अपने कैमरों और स्मार्टफोन्स में कैद किया।
जगमंदिर की खूबसूरती के मुरीद हुए विदेशी मेहमान सिटी पैलेस के अवलोकन के पश्चात प्रतिनिधिमंडल ने नाव द्वारा पिछोला झील की सैर करते हुए ऐतिहासिक द्वीप महल जगमंदिर (Jagmandir Island Palace) का दौरा किया। झील के मध्य बने इस संगमरमरी महल के शांत वातावरण और स्थापत्य शिल्प ने सभी अतिथियों को खासा प्रभावित किया।
वैश्विक मंच पर चमकेगा उदयपुर का पर्यटन विदेशी इन्फ्लुएंसर्स ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उदयपुर न केवल भारत बल्कि वैश्विक स्तर पर पर्यटन का एक बड़ा केंद्र है। वे अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से मेवाड़ के इस समृद्ध इतिहास, भव्यता और आतिथ्य सत्कार को दुनिया भर के करोड़ों लोगों तक पहुंचाएंगे।
इस भ्रमण से उदयपुर और मेवाड़ के पर्यटन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान और नया डिजिटल प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।