रायपुर, छत्तीसगढ़ सकल दिगंबर जैन समाज के तत्वावधान में राष्ट्रीय जैन पत्रकार सम्मेलन 2026 का आयोजन पहली बार रायपुर में 30 सितंबर को किया जाएगा। श्री अग्रसेन धाम, जी.ई. रोड, रायपुर में होने वाले इस सम्मेलन में जैन धर्म, संस्कृति और धार्मिक आयतनों के संरक्षण एवं संवर्धन में पत्रकारिता की भूमिका पर व्यापक चिंतन-मंथन किया जाएगा।
सम्मेलन का आयोजन परम पूज्य आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के परम प्रभावक शिष्य मुनि श्री आगम सागर जी, मुनि श्री पुनीत सागर जी, ऐलक श्री धैर्य सागर जी एवं स्वागत सागर जी महाराज के मंगल आशीर्वाद और सानिध्य में होगा। आयोजन में जैन पत्रकार महासंघ (रजि.) का विशेष सहयोग रहेगा।
सम्मेलन में देशभर से वरिष्ठ संपादक, पत्रकार, लेखक, विद्वान और मीडिया प्रतिनिधि शामिल होंगे। इसमें वर्तमान समय की आवश्यकताओं के अनुरूप जैन समाज एवं संस्कृति के संरक्षण-संवर्धन के अभियान को पत्रकारिता और मीडिया के माध्यम से प्रभावी बनाने के उपायों पर चर्चा होगी।
जैन पत्रकार महासंघ की राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन, जयपुर ने बताया कि सम्मेलन का आयोजन प्रकाश मोदी, निदेशक पारस चैनल एवं कार्याध्यक्ष, छत्तीसगढ़ सकल जैन समाज के निर्देशन में किया जा रहा है। आयोजन समिति के अध्यक्ष विनोद जैन बड़जात्या तथा प्रदीप कुमार जैन, संपादक दैनिक विश्व परिवार के संयोजकत्व में तैयारियां पूरी की जा रही हैं।
जैन पत्रकार महासंघ (रजि.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश जैन तिजारिया, जयपुर, छत्तीसगढ़ जैन समाज के महासचिव संदीप लुहाडिया, सौरभ जैन गोलू, अकलतरा, बुंदेलखंड प्रभारी क्षितिज जैन तथा पत्रकार सेठ भरत जैन, घुआरा ने देशभर के वरिष्ठ संपादकों, पत्रकारों, मनीषियों एवं विद्वानों को सम्मेलन में आमंत्रित किया है।
राष्ट्रीय सम्मेलन के मुख्य समन्वयक प्रदीप जैन, रायपुर ने बताया कि सम्मेलन में प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े संपादक, वरिष्ठ पत्रकार, संवाददाता, लेखक और मीडिया प्रतिनिधि भाग लेंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8:30 बजे होगी। 9:00 बजे पंजीयन, 10:15 बजे प्रथम सत्र, दोपहर 1:30 बजे भोजन अवकाश तथा 2:30 से 5:00 बजे तक द्वितीय सत्र आयोजित किया जाएगा। इसके बाद परस्पर विचार-विमर्श, सम्मान समारोह और समापन सहित अन्य कार्यक्रम होंगे।
आयोजन समिति के संरक्षक नरेंद्र जैन गुरु कृपा, रायपुर ने देशभर के मीडिया प्रतिनिधियों से सम्मेलन में शामिल होकर जैन समाज और संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के अभियान को पत्रकारिता के माध्यम से मजबूती प्रदान करने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय जैन पत्रकार सम्मेलन 2026 देशभर के पत्रकारों, संपादकों, लेखकों और विद्वानों को एक मंच पर लाने वाला महत्वपूर्ण आयोजन होगा, जिसमें जैन धर्म एवं संस्कृति से जुड़े विषयों को मीडिया के माध्यम से व्यापक स्तर पर प्रभावी ढंग से सामने रखने पर विचार किया जाएगा।