चित्तौड़गढ़। हिंद जिंक स्कूल, चित्तौड़गढ़ को नॉर्थ इंडिया स्कूल मेरिट अवॉर्ड्स 2026 में चित्तौड़गढ़, राजस्थान का नंबर 1 स्कूल चुना गया है। यह प्रतिष्ठित सम्मान विद्यालय को उसके शैक्षणिक नवाचारों तथा सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया गया।
द वेस्टिन, गुरुग्राम में आयोजित सम्मान समारोह में विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. बिंदु नायर ने यह पुरस्कार प्राप्त किया। समारोह में उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों से 300 से अधिक प्रधानाचार्य एवं शिक्षाविद् उपस्थित रहे।
विद्यालय को विद्यार्थियों के समग्र विकास, खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों, नेतृत्व क्षमता, रचनात्मकता तथा छात्र-केंद्रित शिक्षण पद्धतियों को बढ़ावा देने के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया।
इस उपलब्धि पर विद्यालय के चेयरमैन आलोक रंजन एवं सचिव अमित सुराना ने प्रधानाचार्या डॉ. बिंदु नायर सहित विद्यालय की पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने विद्यालय द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे निरंतर प्रयासों एवं उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, यह उपलब्धि प्रबंधन, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के सामूहिक प्रयासों का गौरवपूर्ण परिणाम है। यह सम्मान विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नवाचार एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है।