उपाध्यक्षीय पदों हेतु चुनाव 22 सितम्बर को जैसलमेर। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्धारित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार नगर परिषद जैसलमेर के सभापति एवं नगर पालिका पोकरण के अध्यक्ष का चुनाव 21 सितम्बर सोमवार को प्रस्तावित है इसी प्रकार उपसभापति एवं उपाध्यक्षीय पद के लिए चुनाव 22 सितम्बर, मंगलवार को होगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) अनुपमा जोरवाल ने बताया कि जैसलमेर नगर परिषद एवं नगर पालिका पोकरण के अध्यक्षीय पदों के लिए लोक सूचना 15 सितंबर मंगलवार को जारी की जाएगी।

नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 16 सितंबर बुधवार एवं नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 17 सितंबर गुरुवार को की जाएगी। वहीं अभ्यर्थिता वापिस लेने की अंतिम तिथि 18 सितंबर शुक्रवार है और इसी दिवस अपराह्न 3 बजे तक अभ्यर्थिता वापिस ली जा सकेगी।

चुनाव चिन्हों का आवंटन 18 सितंबर शुक्रवार को अभ्यर्थिता वापिस लेने के समय समाप्ति के तुरंत पश्चात किया जाएगा। अध्यक्षीय पदों के लिए मतदान 21 सितंबर सोमवार को होगा।

मतदान का समय प्रातः 10 बजे से अपराह्न 2 बजे तक रहेगा। मतदान समाप्ति के तुरंत पश्चात इसी दिवस मतगणना की जाएगी।

उपाध्यक्षीय पदों के लिए निर्वाचन 22 सितंबर, मंगलवार को होगा। निर्वाचन प्रक्रिया के लिए बैठक प्रातः 10 बजे प्रारंभ होगी। नामांकन पत्र प्रातः 11 बजे तक प्रस्तुत किए जा सकेंगे एवं नामांकन पत्रों की संवीक्षा प्रातः11ः30 बजे से होगी। अभ्यर्थिता वापिस लेने का समय अपराह्न 2 बजे तक रहेगा। यदि मतदान आवश्यक हुआ तो अपराह्न 2ः30 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा एवं मतदान समाप्ति के तुरंत बाद मतगणना की जाएगी।