श्रीगंगानगर। बीकानेर कैनाल पर पानी चोरी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से राजस्थान एवं पंजाब सिंचाई विभाग की संयुक्त पेट्रोलिंग/गश्त टीम द्वारा गुरुवार को बीकानेर कैनाल का निरीक्षण किया गया।संयुक्त टीम ने बीकानेर कैनाल की बुर्जी संख्या 236.124 से 262.220 तक गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान नहर से पानी चोरी करने के उद्देश्य से लगाए गए 4-5 पाइप मौके पर हटाये तथा उन्हें जब्त कर लिया गया।कार्रवाई के दौरान पंजाब सिंचाई विभाग की ओर से श्री अंकित, कनिष्ठ अभियंता तथा राजस्थान सिंचाई विभाग की ओर से श्री विक्रम जाट, कनिष्ठ अभियंता उपस्थित रहे।
टीम द्वारा मौके पर ही पानी चोरी में प्रयुक्त पाइपों को हटाकर जब्त किया गया।संयुक्त टीम ने पानी चोरी में संलिप्त संबंधित दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए पंजाब सिंचाई विभाग के अधिकारियों से एफआईआर दर्ज करवाने के संबंध में वार्ता की।सिंचाई विभाग द्वारा नहरों से अवैध रूप से पानी लेने वालों के विरुद्ध आगे भी संयुक्त रूप से नियमित पेट्रोलिंग एवं सख्त कार्रवाई जारी रखी जाएगी, ताकि नहर के टेल तक निर्धारित मात्रा में सिंचाई पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।