श्रीगंगानगर,ब्रह्माकुमारीज संस्थान द्वारा स्थानीय रिद्धि सिद्धि कॉलोनी (प्रथम) में स्थित केंद्र पर वरिष्ठ नागरिक दिवस के उपलक्ष्य में एक भावपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में 50 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों ने भाग लिया और राजयोग तथा मेडिटेशन का अभ्यास कर मानसिक व शारीरिक शांति का अनुभव किया।

ब्रह्माकुमारी संस्था के सोनी धर्मशाला के निकट स्थित मुख्य केंद्र की प्रभारी संचालिका मोहिनी बहन तथा रिद्धि सिद्धि केंद्र की संचालिका विजय बहन ने कार्यक्रम का संचालन किया।

दोनों बहनों ने उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों को मेडिटेशन का व्यावहारिक अभ्यास कराया।

मोहिनी बहन ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि वरिष्ठ नागरिक अपने जीवन के अनुभवों से युवा पीढ़ी को अध्यात्म, राजयोग और मेडिटेशन की ओर प्रेरित कर समाज में नैतिक मूल्यों को स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

उन्होंने संयुक्त परिवार व्यवस्था को बनाए रखने, मन की शांति, मानवता और इंसानियत जैसे जीवन मूल्यों को अक्षुण्ण रखने पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने बताया कि भावनाओं को सिर्फ बोलकर नहीं, बल्कि मन की वाइब्रेशन से व्यक्त करके घर-परिवार और समाज के रिश्तों को और मजबूत बनाया जा सकता है।

विजय बहन ने कहा कि प्रतिदिन सिर्फ एक घंटा राजयोग और मेडिटेशन का अभ्यास करने से पूरा दिन खुशनुमा बनाया जा सकता है। इससे जीवन के इन अनमोल क्षणों को गहराई से अनुभव किया जा सकता है और मानसिक शांति प्राप्त होती है।

कार्यक्रम में उपस्थित 50 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों ने बड़ी तन्मयता और मनोयोग से भाग लिया। सभी ने राजयोग और मेडिटेशन के अभ्यास में सक्रिय रूप से हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ नागरिकों ने बताया कि राजयोग और मेडिटेशन से उन्हें मानसिक व शारीरिक रूप से बहुत सुखद अनुभूति हुई।

उन्होंने इस अभ्यास को नियमित रूप से जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।संस्था की ओर से सभी उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने ब्रह्माकुमारीज संस्थान के प्रति आभार व्यक्त किया और ऐसे कार्यक्रमों के निरंतर आयोजन की मांग की।

Source: other