जैसलमेर । जैसलमेर नगर परिषद के 44 वार्डों में बुधवार, 9 सितम्बर को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक होने वाले मतदान के लिए निर्वाचन तंत्र पूरी तरह तैयार है।
मतदान को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं भयमुक्त वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए नियुक्त मतदान दलों ने मंगलवार को एसबीके राजकीय महाविद्यालय में निर्वाचन प्रक्रिया का अंतिम प्रशिक्षण प्राप्त किया।
प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद मतदान दलों को मतदान सामग्री का वितरण किया गया और सभी दल अपने-अपने निर्धारित मतदान केन्द्रों के लिए रवाना हो गए।
एसबीके राजकीय महाविद्यालय में आयोजित अंतिम प्रशिक्षण एवं मतदान सामग्री वितरण कार्यक्रम में राज्य निर्वाचन आयोग के चुनाव पर्यवेक्षक नवनीत कुमार(आईएएस), जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल, उप जिला निर्वाचन अधिकारी परसाराम सैनी, पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे, रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम वीरेन्द्र सिंह सहित एरिया मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी एवं मतदान दलों के कार्मिक मौजूद रहे।
एक-एक प्रक्रिया महत्वपूर्ण, छोटी सी चूक भी न हो- जिला निर्वाचन अधिकारी जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने पीठासीन अधिकारियों एवं मतदान अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि निर्वाचन कार्य में हर प्रक्रिया महत्वपूर्ण है और प्रत्येक कार्मिक की भूमिका निर्वाचन की सफलता में अहम है। उन्होंने सभी कार्मिकों से निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं नियमों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि मतदान दल किसी भी स्तर पर अतिआत्मविश्वास में न रहें और न ही किसी प्रकार का संशय रखें। सभी नियमों एवं प्रक्रियाओं का भलीभांति अध्ययन कर उन्हें आत्मसात करें। किसी भी स्थिति में कठिनाई अथवा शंका होने पर तत्काल संबंधित उच्चाधिकारी से मार्गदर्शन लेकर समाधान प्राप्त करें।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदान दिवस पर समय की पाबंदी, आपसी समन्वय, सतर्कता और नियमों की पालना पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने सभी मतदान कार्मिकों का आह्वान किया कि वे निर्वाचन को सफल बनाने में अपनी भूमिका को पूरी जिम्मेदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ निभाएं।
निष्पक्षता, पारदर्शिता और संवेदनशीलता से निभाएं जिम्मेदारी राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से नियुक्त चुनाव पर्यवेक्षक नवनीत कुमार ने कहा कि मतदान प्रक्रिया को पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता एवं निष्पक्षता के साथ सम्पन्न कराना सभी की सर्वाेच्च जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन की सफलता केवल मतदान सम्पन्न कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक चरण को निर्धारित नियमों, समयसीमा और पारदर्शिता के साथ पूरा करना जरूरी है। उन्होंने बेहतर प्रशिक्षण एवं निर्वाचन संबंधी विस्तृत निर्देशिका तैयार करने के लिए जैसलमेर की निर्वाचन टीम की सराहना भी की।
मतदान प्रक्रिया का सैद्धान्तिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण अंतिम प्रशिक्षण में मतदान दलों को मतदान दिवस से जुड़ी विभिन्न प्रक्रियाओं का सैद्धान्तिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। मतदान प्रक्रिया, मतदान सामग्री के उपयोग, निर्धारित प्रोटोकॉल तथा निर्वाचन आयोग के नवीनतम दिशा-निर्देशों की जानकारी प्रदान की गई।
दक्ष प्रशिक्षक रामाराम ने पीठासीन अधिकारियों एवं मतदान अधिकारियों मतदान के दिवस विशेष ध्यान रखने वाली बातों के बारे में विस्तार से जानकारी दी वही उन्होेंने वास्तविक मतदान से पूर्व करवाये जाने वाले मॉक पॉल प्रक्रिया एवं निर्वाचन प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी। प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन विजय बल्लाणी ने किया।
पुलिस व्यवस्था भी पूरी तरह मुस्तैद जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे ने प्रशिक्षण स्थल पहुंचकर पुलिस से संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों एवं कार्मिकों को निर्वाचन संबंधी दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए कानून-व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से बताया।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कार्मिकों को मतदान दिवस पर पूरी सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने एवं हर स्तर पर एहतियाती उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मतदान दलों की व्यवस्थाओं का लिया जायजा प्रशिक्षण के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपमा जोरवाल एवं चुनाव पर्यवेक्षक नवनीत कुमार ने एसबीके राजकीय महाविद्यालय में मतदान दलों के लिए स्थापित विभिन्न काउंटरों का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान सामग्री वितरण, मतदान दलों के लिए उपलब्ध सुविधाओं तथा अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मतदान केन्द्रों की ओर रवाना हुए दल, आज रात केन्द्रों पर रहेंगे मुस्तैद अंतिम प्रशिक्षण एवं मतदान सामग्री प्राप्त करने के बाद मतदान दल अपने-अपने निर्धारित मतदान केन्द्रों की ओर रवाना हुए। इसके साथ ही जैसलमेर नगर परिषद के 44 वार्डों में 9 सितम्बर को होने वाले मतदान की अंतिम तैयारियां पूर्ण हो गई हैं। जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है।