श्रीगंगानगर। जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव एवं जिला पुलिस अधीक्षक श्री हरिशंकर के नेतृत्व में जारी नशा मुक्त श्रीगंगानगर अभियान के नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों के प्रति युवाओं को जागरूक करने और उन्हें नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाने के उद्देश्य से फ्लोराडेल पब्लिक स्कूल में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के सामाजिक, पारिवारिक और व्यक्तिगत दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें अपने साथ-साथ अपने मित्रों और समाज को भी नशे से बचाने की जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के श्री विक्रम ज्याणी ने कहा कि नशे के खिलाफ सबसे बड़ा हथियार जागरूकता है।
यह हथियार हर युवा के हाथ में होना चाहिए। अगर हमें अपना परिवार, समाज और देश बचाना है तो नशे के खिलाफ आवाज उठानी होगी।
चुप रहना समस्या का समाधान नहीं है, बल्कि जागरूक होकर सही समय पर सही कदम उठाना ही बदलाव की शुरुआत है। नशा केवल एक व्यक्ति की जिंदगी को प्रभावित नहीं करता, बल्कि उसके साथ पूरा परिवार इसकी पीड़ा झेलता है।
जिस घर में माता-पिता अपने बच्चे के उज्ज्वल भविष्य के सपने देखते हैं, उसी घर में नशे की गिरफ्त परिवार की खुशियां छीन सकती है।
इसलिए युवाओं को यह समझना होगा कि अपने भविष्य की रक्षा करना केवल व्यक्तिगत जिम्मेदारी नहीं, बल्कि परिवार और समाज के प्रति भी जिम्मेदारी है।युवा शक्ति किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत होती है।
यदि यही शक्ति शिक्षा, खेल, कला, विज्ञान और राष्ट्र निर्माण में लगेगी तो देश तेजी से आगे बढ़ेगा। लेकिन यदि युवा नशे की गिरफ्त में चले गए तो इसका नुकसान केवल आज को नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को भी उठाना पड़ेगा।
प्राचार्य श्री शेर लखवीर ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने मित्रों पर भी नजर रखें और यदि कोई साथी गलत दिशा में जाता दिखाई दे तो उसका मजाक उड़ाने या उससे दूरी बनाने के बजाय उसे समझाने और सही रास्ते पर लाने का प्रयास करें।कार्यशाला में विद्यार्थियों को यह संदेश भी दिया गया कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है।
हर माता-पिता, शिक्षक, विद्यार्थी और नागरिक को इस अभियान का हिस्सा बनना होगा। जागरूकता के माध्यम से नशे की शुरुआत को रोकना ही सबसे प्रभावी कदम है।
श्री सहीराम व श्री प्रवीण कुमार द्वारा युवाओं को नशे के प्रति जागरूक करने का संकल्प दिलाया गया।