श्रीगंगानगर। नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 के संबंध में गुरूवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव की अध्यक्षता में मीडिया प्रतिनिधियों की बैठक हुई।
इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने मीडिया प्रतिनिधियों को निकाय चुनाव 2026 की विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए बताया कि 27 अगस्त से नामांकन प्रक्रिया आरम्भ होगी।
9 और 11 सितम्बर 2026 को दो चरणों में मतदान होगा जबकि 14 सितम्बर को मतगणना कर परिणाम घोषित किये जायेंगे।बैठक में मीडिया प्रतिनिधियों को जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान के निर्देशानुसार 19 अगस्त को चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही जिले के सभी संबंधित शहरी निकायों में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।
निकाय चुनाव की संपूर्ण प्रक्रिया पूरी होने तक संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता प्रभावी रहेगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निकाय चुनाव दो चरणों में होंगे।
पहले चरण का मतदान 9 सितंबर 2026 तथा दूसरे चरण का मतदान 11 सितंबर 2026 को होगा।
पहले चरण में श्रीगंगानगर जिले की नगरपालिका सूरतगढ, श्रीबिजयनगर, रायसिंहनगर, अनूपगढ व घडसाना और द्वितीय चरण में श्रीगंगानगर नगर परिषद, नगरपालिका सादुलशहर, श्रीकरणपुर, केसरीसिंहपुर, पदमपुर व गजसिंहपुर में चुनाव होंगे।
मतगणना के बाद चुनाव परिणाम 14 सितंबर 2026 को घोषित किए जाएंगे।जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निकाय चुनाव की अधिसूचना 27 अगस्त 2026 को जारी होने के साथ ही नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
नामांकन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त होगी। 1 सितम्बर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा, 3 सितम्बर को सायं 3 बजे तक अभ्यर्थिता वापिस ली जा सकती है।
4 सितम्बर को चुनाव चिन्हों का आवंटन होगा। 9 सितम्बर को प्रथम चरण का मतदान और 11 सितम्बर को द्वितीय चरण का मतदान होगा।
प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक मतदान होगा तथा 14 सितम्बर को मतगणना होगी।उन्होंने बताया कि नगर परिषद के सभापति तथा नगरपालिका के अध्यक्ष पद के चुनाव 21 सितंबर 2026 को होंगे।
इससे पूर्व अध्यक्ष पदों के लिये 15 सितम्बर को लोकसूचना जारी होगी। 16 सितम्बर को नामांकन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि, 17 सितम्बर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा, 18 सितम्बर को सायं 3 बजे तक अभ्यर्थिता वापिस लेने का समय रहेगा।
इसी दिन अभ्यर्थिता वापिस लेने के समय समाप्ति के बाद चुनाव चिन्हों का आवंटन होगा। 21 सितम्बर को मतदान होगा।
मतदान का समय प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक रहेगा। मतगणना 21 सितम्बर को मतदान समाप्ति के तुरन्त पश्चात होगी।इसी प्रकार उपाध्यक्ष पदों के लिये निर्वाचन की तिथि 22 सितम्बर 2026 रहेगी।
इसके लिये प्रातः 10 बजे बैठक प्रारम्भ होगी। प्रातः 11 बजे नामांकन प्रस्तुतिकरण का समय रहेगा।
11.30 बजे से संवीक्षा होगी। दोपहर 2 बजे तक अभ्यर्थिता वापसी का समय रहेगा।
मतदान आवश्यक हुआ तो दोपहर 2.30 बजे से 5 बजे तक होगा तथा मतदान के तुरन्त पश्चात मतगणना होगी। इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम प्रशासन श्री सुभाष कुमार सहित मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।