श्रीगंगानगर। अखिल भारतीय वैश्य महासम्मेलन, लायंस क्लब श्रीगंगानगर रॉयल्स एवं ब्लूमिंग डेल्स इंटरनेशनल स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रेरणादायी कार्यक्रम ‘प्यार हमें किस मोड़ पे ले आया’ बेहद शानदार और सफल रहा। हनुमानगढ़ रोड स्थित एक स्कूल के वातानुकूलित ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 800 विद्यार्थियों और 200 आमंत्रित विशिष्ट अतिथियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. विनय गुप्ता (कैथल, हरियाणा) रहे, जो मॉनिटरिंग एवं इवैल्यूएशन ऑफिसर के रूप में कार्यरत हैं।
अपने अल्प समय के करियर में उन्होंने 3000 से अधिक मोटिवेशनल और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं, विद्यार्थियों और अभिभावकों को सामाजिक एवं पारिवारिक विषयों पर मार्गदर्शन दिया है।
उन्होंने अपने संबोधन में विशेष रूप से किशोरावस्था में प्रेम संबंधों, सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव, मोबाइल की लत और बिना समझे लिए गए भावनात्मक निर्णयों के दुष्परिणामों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि किशोरावस्था जीवन का अत्यंत संवेदनशील दौर है। इस उम्र में लिया गया हर निर्णय भविष्य को गहराई से प्रभावित कर सकता है।
आज के समय में बच्चों के साथ संवाद, विश्वास, समझ और मित्रवत व्यवहार बेहद जरूरी है। बच्चों को पर्याप्त समय देना, उनकी बात ध्यान से सुनना और उनकी भावनाओं को समझना वर्तमान परिस्थिति की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दिलदारसिंह बीर , समारोह अध्यक्ष श्यामलाल जैन तथा मेहमान-ए-खास राजकुमार बोगी रहे। विशिष्ट अतिथियों में संजीव लोहिया, दीपक वाट्स, अरुण लोहिया और नौरंगराय गर्ग उपस्थित रहे।
वैश्य महासम्मेलन के जिलाध्यक्ष विमल बिहानी ने स्वागत करते हुए कहा कि आज के समय में युवाओं को सही दिशा देना और उन्हें भावनात्मक तथा सामाजिक चुनौतियों के प्रति जागरूक करना अत्यंत आवश्यक है।लायंस क्लब रॉयल्स के अध्यक्ष विनम्र बिहानी, सचिव सुनंदनम महीपाल एवं कोषाध्यक्ष हिमांशु जैन ने डॉ. विनय गुप्ता को साफा एवं शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया कर उनका आभार व्यक्त किया।अखिल भारतीय वैश्य महासम्मेलन श्रीगंगानगर और लायंस क्लब गंगानगर रॉयल्स ने ब्लूमिंग डांस स्कूल की मैनेजमेंट टीम एवं डॉक्टर विनय गुप्ता को भी सम्मानित किया.कार्यक्रम का प्रभावी और शानदार संचालन अनिल सांवरमल ने किया।