श्रीगंगानगर। जल संसाधन विभाग वृत्त श्रीगंगानगर के अधीक्षण अभियंता श्री संजीव वर्मा एवं अधिशासी अभियंता जल संसाधन गंगनहर रेगुलेशन खण्ड श्री नरेश मीणा ने गुरूवार को बीकानेर कैनाल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान फिरोजपुर में अधीक्षण अभियंता, फिरोजपुर कैनाल वृत्त श्री संदीप गोयल के साथ बीकानेर कैनाल से पानी चोरी, नहर की साफ-सफाई तथा डी.पी.आर. से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।चर्चा के दौरान अधीक्षण अभियंता फिरोजपुर द्वारा अवगत करवाया गया कि बीकानेर कैनाल की साफ-सफाई के संबंध में निविदा आमंत्रण की कार्यवाही पूर्ण की जा चुकी है तथा 16 सितम्बर 2026 को निविदा खोली जानी प्रस्तावित है।
मैकेनिकल विंग, पंजाब द्वारा 15 सितम्बर 2026 तक मशीनरी को मौके पर पहुंचाकर कार्य प्रारम्भ किए जाने का आश्वासन दिया गया है।बीकानेर कैनाल की डी.पी.आर. तैयार करने की कार्यवाही भी प्रक्रियाधीन है।
साथ ही अधीक्षण अभियंता फिरोजपुर द्वारा बीकानेर कैनाल में निर्धारित शेयर के अनुसार पानी की आपूर्ति सुनिश्चित किए जाने का आश्वासन दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि पानी चोरी रोकने के लिए नहर क्षेत्र में निरंतर गश्त की जा रही है तथा पानी चोरी के प्रकरण सामने आने पर एफआईआर की कार्रवाई की जा रही है।
बीकानेर कैनाल की सफाई का कार्य भी शीघ्र प्रारम्भ कर दिया जाएगा।निरीक्षण के दौरान बीकानेर कैनाल की आर.डी. 45 पर भी निरीक्षण किया गया। मौके पर वर्तमान में 2348 क्यूसेक पानी का प्रवाह पाया गया।
अधिकारियों ने नहर व्यवस्था की नियमित निगरानी, पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा सफाई कार्य को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश एवं आश्वासन दिए।