श्रीगंगानगर। नगर निकाय चुनाव 2026 के तहत नगरपरिषद श्रीगंगानगर में चुनाव के लिये गुरूवार को डॉ. भीमराव अम्बेडकर राजकीय महाविद्यालय श्रीगंगानगर से मतदान दलों को द्वितीय व अंतिम प्रशिक्षण, ईवीएम व मतदान सामग्री देकर रवाना किया गया।
दोपहर बाद तक सभी मतदान दलों द्वारा अपने निर्धारित मतदान केन्द्रों पर पहुंचकर मतदान से पूर्व की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गईं।जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव ने बताया कि नगरपरिषद श्रीगंगानगर के 65 वार्डों में पार्षद चुनाव के लिये मतदान दल अपने निर्धारित मतदान केन्द्रों पर पहुंच गये हैं तथा चुनाव से पूर्व की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
चुनाव शान्तिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हो, इसको लेकर पर्याप्त मात्रा में सुरक्षा बल लगाये गये हैं।
मतदान 11 सितम्बर 2026 को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक होगा।जिले की नगरपालिका सादुलशहर, करणपुर, गजसिंहपुर, केसरीसिंहपुर व पदमपुर में चुनाव के लिये भी गुरूवार को अंतिम प्रशिक्षण के बाद मतदान दलों द्वारा अपने निर्धारित मतदान केन्द्रों पर पहुंचकर सभी तैयारियां कर ली गई हैं।