जैसलमेर। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 की तैयारियों को गति देते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपमा जोरवाल ने चुनाव कार्यक्रम से संबंधित विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रभारी अधिकारियों, रिटर्निंग अधिकारियों, मतदान दलों एवं मतगणना कर्मियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम निर्धारित किए हैं। निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी एवं निष्पक्ष ढंग से संपादित कराने के उद्देश्य से संबंधित कार्मिकों को चरणबद्ध रूप से प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी के आदेशानुसार रिटर्निंग अधिकारी एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारियों का प्रशिक्षण 22 अगस्त को प्रातः 11:30 बजे से आयोजित किया जाएगा। वहीं एरिया मजिस्ट्रेट, सेक्टर अधिकारी/जोनल मजिस्ट्रेट, पुलिस अधिकारियों एवं फोटोग्राफी से संबंधित प्रशिक्षण 23 अगस्त को प्रातः 11 बजे से होगा।

इसी क्रम में मतदान दलों का प्रथम प्रशिक्षण, जिसमें सैद्धांतिक प्रशिक्षण के साथ पीठासीन अधिकारी एवं प्रथम मतदान अधिकारी को ईवीएम का प्रायोगिक प्रशिक्षण दिया जाएगा, 25 अगस्त को प्रातः 10 बजे से आयोजित होगा। मतदान दलों का द्वितीय प्रशिक्षण 2 सितम्बर को प्रातः 10 बजे से आयोजित किया जाएगा। उक्त प्रशिक्षण राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, जैसलमेर में होंगे।

अंतिम प्रशिक्षण एवं मतगणना प्रशिक्षण भी निर्धारित

आदेश के अनुसार मतदान दलों का अंतिम प्रशिक्षण पीठासीन अधिकारी एवं समस्त मतदान अधिकारियों के लिए निर्धारित किया गया है। नगर परिषद जैसलमेर के मतदान दलों का अंतिम प्रशिक्षण 8 सितम्बर एवं नगर पालिका पोकरण के मतदान दलों का अंतिम प्रशिक्षण 10 सितम्बर को प्रातः 8 बजे से आयोजित किया जाएगा।

वहीं मतगणना कर्मियों का प्रशिक्षण 13 सितम्बर को प्रातः 10 बजे से आयोजित किए जाएंगे। उक्त प्रशिक्षण एस.बी.के. कॉलेज सभागार, जैसलमेर में आयोजित होंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि निर्धारित तिथियों एवं समयानुसार प्रशिक्षण कार्यक्रम में संबंधित कार्मिकों की उपस्थिति सुनिश्चित करते हुए निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निर्वाचन संबंधी दायित्वों का प्रभावी निर्वहन सुनिश्चित किया जाए।