जम्मू । जम्मू मंडल भारतीय रेलवे की डिजिटल पहलों को धरातल पर साकार करने और यात्रियों को आधुनिक, सुगम एवं त्वरित सेवाएं प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

इसी कड़ी में भारतीय रेलवे द्वारा विकसित ऑल-इन-वन सुपर ऐप ‘‘रेल वन’’ को यात्रियों का अभूतपूर्व प्रतिसाद मिल रहा है।

यह ऐप जम्मू मंडल के यात्रियों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है, जिसके परिणामस्वरूप अनारक्षित टिकटों की बुकिंग प्रणाली में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है।

अब बड़ी संख्या में यात्री स्टेशन पर टिकट काउंटरों पर लंबी कतारों में लगने के बजाय अपने मोबाइल फोन के माध्यम से ही ‘‘रेल वन’’ ऐप पर अनारक्षित टिकट बुक करना अधिक सुविधाजनक और पसंदीदा विकल्प मान रहे हैं।जम्मू मंडल के जनसम्पर्क निरीक्षक श्री राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि जम्मू मंडल में इस डिजिटल परिवर्तन के उत्साहजनक परिणाम सामने आए हैं।

14 सितंबर 2026 के प्राप्त आंकड़ों का विश्लेषण करे, तो डिजिटल टिकटिंग के प्रति यात्रियों का रुझान लगातार बढ़ रहा है।

एनएसजी-1 से 3 श्रेणी के प्रमुख स्टेशनों पर लगभग 17 प्रतिशत यात्रियों ने टिकट काउंटर के बजाय रेल वन ऐप के माध्यम से अपने अनारक्षित टिकट बुक किए हैं।

इसी प्रकार, एनएसजी-4 से 6 श्रेणी के स्टेशनों पर यह आंकड़ा और भी अधिक प्रभावशाली है, जहां लगभग 28 प्रतिशत यात्रियों ने इस ऐप को अपनाया है।

यह निरंतर बढ़ता प्रतिशत इस बात का प्रमाण है कि यात्री वर्ग इस नई तकनीक को न केवल स्वीकार कर रहा है, बल्कि इसे बेहतर ढंग से अपने दैनिक यात्रा अनुभव का हिस्सा भी बना रहा है।यात्रियों के लिए रेल वन ऐप को और अधिक लाभदायक बनाने के लिए रेलवे ने एक विशेष प्रोत्साहन योजना भी शुरू की है।

इस योजना के तहत यदि यात्री आर-वॉलेट के माध्यम से अपने वॉलेट को रिचार्ज करके टिकट बुक करते हैं, तो उन्हें रिचार्ज राशि पर 3 प्रतिशत का अतिरिक्त बोनस प्रदान किया जा रहा है।

यह बोनस सुविधा यात्रा को न केवल सुविधाजनक बल्कि किफायती भी बनाती है, जिससे यात्रियों को प्रत्यक्ष रूप से आर्थिक लाभ प्राप्त हो रहा है।‘‘रेल वन’’ ऐप को भारतीय रेलवे का सुपर ऐप इसलिए कहा जाता है, क्योंकि यह यात्रियों की लगभग सभी आवश्यकताओं को एक ही मंच पर पूरा करता है।

इस एक ही ऐप के माध्यम से यात्री अनारक्षित टिकट और प्लेटफॉर्म टिकट की बुकिंग घर बैठे कर सकते हैं।

इसके अलावा आरक्षित टिकटों की बुकिंग, पीएनआर स्टेटस की जांच, ट्रेन की लाइव स्थिति और ट्रैकिंग, कोच की स्थिति, ट्रेनों के आगमन-प्रस्थान का शेड्यूल, रेल मदद के माध्यम से शिकायत निवारण और सुझाव, तथा ई-कैटरिंग सुविधा के माध्यम से ट्रेन में ही मनपसंद भोजन का ऑर्डर जैसी अनेक सुविधाएं उपलब्ध हैं।

यह ऐप यात्रियों के समय की बचत करता है, स्टेशनों पर भीड़ को कम करता है और यात्रा को पूरी तरह से डिजिटल और पेपरलेस बनाता है।जम्मू मंडल सभी सम्मानित यात्रियों से विनम्र अनुरोध करता है, कि वे भारतीय रेलवे की इस जन-उपयोगी और सुविधाजनक पहल को सफल बनाने में सहयोग करें।

सभी यात्री इस रेल वन ऐप को अधिक से अधिक डाउनलोड करें, इसका उपयोग करें और अपने सह-यात्रियों, मित्रों तथा परिजनों को भी इसके लाभों के बारे में जागरूक करें ताकि यह उपयोगी जानकारी जन-जन तक पहुंच सके और अधिक से अधिक लोग डिजिटल एवं सुगम रेल यात्रा का लाभ उठा सकें।