श्रीगंगानगर। जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव एवं जिला पुलिस अधीक्षक श्री हरिशंकर के नेतृत्व में जारी नशा मुक्त श्रीगंगानगर अभियान के तहत महात्मा गांधी विद्यालय, इंदिरा चौक श्रीगंगानगर में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा रक्षाबंधन पर्व पर “नशा मुक्त भाई” विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया।कार्यशाला में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के श्री विक्रम ज्याणी ने छात्राओं एवं छात्रों को नशे के दुष्प्रभावों, परिवार पर पड़ने वाले उसके गंभीर परिणामों तथा समाज में जागरूकता फैलाने की आवश्यकता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
उन्होंने संदेश दिया गया कि जिस प्रकार बहनें अपने भाइयों की हर संकट से रक्षा करती हैं, उसी प्रकार अब समय आ गया है कि वे उन्हें नशे जैसे सामाजिक अभिशाप से भी बचाने के लिए आगे आएं।
“बहन का सबसे बड़ा रक्षा सूत्र वही है, जो अपने भाई को नशे की बेड़ियों से मुक्त रखे यदि हर बहन अपने भाई को और हर युवा अपने मित्र को नशे से दूर रखने का संकल्प ले ले, तो समाज से नशे की समस्या को काफी हद तक समाप्त किया जा सकता है।उन्होंने कहा कि युवा ही देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और उनका स्वस्थ, जागरूक एवं नशामुक्त रहना राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
विद्यालय की बहनों ने हाथ उठाकर यह संकल्प लिया कि वे अपने भाइयों को किसी भी प्रकार के नशे की गिरफ्त में नहीं आने देंगी।
उन्होंने प्रण किया कि वे अपने परिवार, मित्रों और समाज के प्रत्येक युवा को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगी।इस अवसर पर श्री इंदर अरोड़ा ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कारों की पाठशाला भी है।
विद्यार्थियों में नशे के प्रति जागरूकता पैदा करना और उन्हें सकारात्मक जीवन मूल्यों से जोड़ना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से अपील की, कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार और समाज को भी इसके प्रति जागरूक करें।
कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों को श्री प्रवीण कुमार व श्री सहीराम द्वारा सामूहिक रूप से नशा न करने व समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प दिलाया गया।