GMCH STORIES

राजस्थान कृषि महाविद्यालय में वार्षिकोत्सव "हरितिमा-2026" का भव्य आयोजन

( Read 436 Times)

07 Jun 26
Share |
Print This Page
राजस्थान कृषि महाविद्यालय में वार्षिकोत्सव "हरितिमा-2026" का भव्य आयोजन

पुस्तकालय और प्रयोगशाला से ही बनता है उत्कृष्ट भविष्य — डॉ. कैलाश सोडानी

 

उदयपुर,महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, उदयपुर के संघटक राजस्थान कृषि महाविद्यालय में वार्षिकोत्सव "हरितिमा-2026" का भव्य आयोजन महाविद्यालय परिसर में उत्साह एवं उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन विद्यार्थियों की शैक्षणिक, खेलकूद, सांस्कृतिक, एनसीसी, एनएसएस एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट उपलब्धियों को सम्मानित करने के उद्देश्य से किया गया।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. कैलाश सोडानी, सलाहकार (उच्च शिक्षा), माननीय राज्यपाल, राजस्थान एवं पूर्व कुलगुरु, एम.डी.एस. विश्वविद्यालय, अजमेर थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. प्रताप सिंह ने की तथा महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. मनोज कुमार महला , सहायक अधिष्ठाता (छात्र कल्याण) डॉ. एस.एस. लखावत उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्ज्वलन, राष्ट्रगान एवं विश्वविद्यालय कुलगीत के सामूहिक गायन के साथ हुआ। स्वागत उद्बोधन में डॉ. मनोज कुमार महला ने महाविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा शैक्षणिक, खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि "हरितिमा" विद्यार्थियों की प्रतिभा, उपलब्धियों एवं उनके सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास का उत्सव है। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेल, सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों में भी उत्कृष्ट अवसर प्रदान कर रहा है।

अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में डॉ. कैलाश सोडानी ने महाविद्यालय के गौरवशाली इतिहास की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम, नैतिक मूल्यों एवं अध्ययनशीलता को जीवन का आधार बनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी ज्ञान आधारित सदी है, जिसमें सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं है। विद्यार्थियों को पुस्तकालयों एवं प्रयोगशालाओं में अधिक समय व्यतीत कर अध्ययन की आदत विकसित करनी चाहिए। उन्होंने कृषि स्नातकों को रोजगार खोजने के बजाय कृषि उद्यमिता, स्टार्टअप एवं एग्री-बिजनेस के माध्यम से रोजगार सृजनकर्ता बनने के लिए प्रेरित किया।

अध्यक्षीय उद्बोधन में कुलगुरु प्रो. प्रताप सिंह ने कहा कि कृषि क्षेत्र में अपार संभावनाएँ हैं तथा विद्यार्थियों को केवल सरकारी नौकरी तक सीमित न रहकर कौशल आधारित उद्यमिता एवं नवाचार की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने शैक्षणिक उत्कृष्टता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा समाज एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण पुरस्कार वितरण समारोह रहा, जिसमें शैक्षणिक वर्ष 2025-26 के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 135 विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित विद्यार्थियों में शैक्षणिक, खेलकूद, सांस्कृतिक, साहित्यिक, एन.सी.सी., एन.एस.एस. एवं छात्र कल्याण गतिविधियों में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल करने वाले छात्र-छात्राएँ शामिल रहे।

सहायक अधिष्ठाता (छात्र कल्याण) डॉ. एस.एस. लखावत ने शैक्षणिक वर्ष 2025-26 के दौरान विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में किए गए उल्लेखनीय कार्यों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर शैक्षणिक, खेलकूद, एन.सी.सी., एन.एस.एस. तथा सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 135 विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया है।

इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। देशभक्ति, लोक संस्कृति एवं सामाजिक सरोकारों पर आधारित प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया तथा विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों के अधिष्ठाता, निदेशक, विभागाध्यक्ष, वैज्ञानिक, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. लतिका शर्मा, छात्र जयदित्य, छात्रा तरंगिनी बोरा एवं मुस्कान द्वारा किया गया। अंत में डॉ. एस.एस. लखावत ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

"हरितिमा-2026" शिक्षा, संस्कृति, प्रतिभा एवं उपलब्धियों के उत्सव के रूप में महाविद्यालय परिवार के लिए एक यादगार अवसर सिद्ध हुआ तथा विद्यार्थियों को भविष्य में और अधिक उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित कर गया।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like