GMCH STORIES

आईएफईई, कोलकाता द्वारा डॉ. एस. के. वर्मा को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड 2026 से सम्मानित

( Read 364 Times)

09 Jun 26
Share |
Print This Page

आईएफईई, कोलकाता द्वारा डॉ. एस. के. वर्मा को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड 2026 से सम्मानित

 

उदयपुर। इंटरनेशनल फाउंडेशन फॉर एनवायरनमेंट एंड इकोलॉजी (आईएफईई), कोलकाता ने सोसायटी फॉर माइक्रोविटा रिसर्च एंड इंटीग्रेटेड मेडिसिन (एसएमआरआईएम), उदयपुर के अध्यक्ष एवं पेसिफिक मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, उदयपुर के मेडिसिन विभाग में प्रोफेसर एमेरिटस डॉ. एस. के. वर्मा को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड 2026 से सम्मानित किया है।

यह सम्मान 29-30 मई 2026 को ऑनलाइन आयोजित अंतरराष्ट्रीय बहुविषयक वेबिनार “इकोसिस्टम-बेस्ड एडाप्टेशन: वर्किंग विद नेचर टू अडैप्ट टू अ चेंजिंग क्लाइमेट” के दौरान प्रदान किया गया।

डॉ. वर्मा को यह प्रतिष्ठित सम्मान वर्ष 2006 से उदयपुर जिले में औषधीय महत्व के सेमल (बॉम्बैक्स सीबा) वृक्ष के संरक्षण एवं संवर्धन के क्षेत्र में किए गए उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्रदान किया गया। एसएमआरआईएम के सदस्यों के साथ मिलकर उन्होंने जन-जागरूकता व्याख्यानों, समूह चर्चाओं, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में शोध-पत्र प्रस्तुतियों, पत्र-पत्रिकाओं एवं समाचार-पत्रों में लेख प्रकाशन, पंपलेट वितरण, सोशल मीडिया अभियानों तथा उदयपुर एवं आसपास के क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर सेमल पौधारोपण के माध्यम से संरक्षण अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप दिया।

वर्ष 2011 से उन्होंने होलिका दहन में परंपरागत रूप से उपयोग किए जाने वाले सेमल वृक्ष के तनों के स्थान पर पर्यावरण-अनुकूल लोहे के होलिका स्तंभ अपनाने का अभियान भी चलाया, जिससे सेमल वृक्षों की कटाई को रोकने में महत्वपूर्ण सफलता मिली।

सेमल वृक्ष का धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यावरणीय दृष्टि से विशेष महत्व है। इसे पंचवटी के पांच प्रमुख वृक्षों में स्थान प्राप्त है तथा यह वातावरण में मौजूद हानिकारक एवं विषैली गैसों को अवशोषित करने की क्षमता रखता है। डॉ. वर्मा ने सेमल वृक्ष पर केंद्रित पहली पुस्तक का भी लेखन किया है और वे आज भी सेमल संरक्षण मिशन को निरंतर समर्थन प्रदान कर रहे हैं।

डॉ. वर्मा को इससे पूर्व भी समग्र स्वास्थ्य, चिकित्सा अनुसंधान, एकीकृत चिकित्सा (इंटीग्रेटेड मेडिसिन) एवं माइक्रोविटोलॉजी के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक संस्थाओं द्वारा लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड सहित अनेक सम्मान प्रदान किए जा चुके हैं।

आईएफईई द्वारा प्रदान किया गया यह सम्मान उनका सातवां लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड है, जो चिकित्सा अनुसंधान, पर्यावरण संरक्षण और जन-जागरूकता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, समर्पण और निरंतर सक्रियता का प्रमाण है।

 


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like