उदयपुर। रोटरी क्लब मेवाड़ के वर्ष 2026-27 के पदस्थापना समारोह का आयोजन सोभागपुरा स्थित होटल पैराडाइज ब्लिस में गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि प्रख्यात मोटिवेशनल स्पीकर डॉ. आनंद गुप्ता, पदस्थापना अधिकारी एवं पूर्व प्रांतपाल निर्मल सिंघवी तथा विशिष्ट अतिथि देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त जतिन गांधी थे।
अपने प्रेरक संबोधन में डॉ. आनंद गुप्ता ने कहा कि समाज को नशा मुक्त बनाने की जिम्मेदारी केवल सरकार या संस्थाओं की नहीं, बल्कि प्रत्येक अभिभावक की भी है। उन्होंने कहा कि नशे की चपेट में आने वाले बच्चे हमारे ही परिवारों और समाज का हिस्सा हैं। आज ड्रग्स का खतरा परिवारों तक पहुंच चुका है और इसका सबसे बड़ा कारण अभिभावकों और बच्चों के बीच बढ़ता संवादहीनता का अंतर है। कई बच्चे अवसाद और असफलता को छिपाने के लिए नशे का सहारा लेने लगते हैं। ऐसे में माता-पिता को बच्चों के साथ नियमित संवाद स्थापित कर उनकी भावनाओं को समझने की आवश्यकता है।
समारोह में पदस्थापना अधिकारी निर्मल सिंघवी ने नव निर्वाचित अध्यक्ष डॉ. हिमांशु गुप्ता एवं सचिव भरत सिंघवी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई, जबकि डॉ. आनंद गुप्ता ने नवगठित कार्यकारिणी को शपथ ग्रहण कराकर पदस्थापित किया। इस अवसर पर निर्मल सिंघवी ने कहा कि रोटरी क्लब मेवाड़ ने पिछले 24 वर्षों में समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. हिमांशु गुप्ता ने वर्षभर की कार्ययोजना प्रस्तुत करते हुए बताया कि क्लब द्वारा व्यापक नशा मुक्ति अभियान चलाया जाएगा। साथ ही 15 वर्ष तक की बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान संचालित किया जाएगा। बढ़ते ओरल कैंसर के प्रति जनजागरूकता के लिए भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त स्वास्थय, शिक्षा एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े अनेक सेवा प्रकल्प वर्षभर संचालित किए जाएंगे।
सहायक देवस्थान आयुक्त जतिन गांधी ने क्लब के नए सदस्य नवीन शर्मा को सदस्यता की शपथ दिलाते हुए क्लब द्वारा मानवता की सेवा एवं ड्रग ट्रैफिकिंग रोकने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
समारोह में डॉ. अरविंदर सिंह ने पैनेशिया डिसएबिलिटी राइट्स के कार्यों की जानकारी दी तथा डॉ. हिमांशु गुप्ता के सेवा प्रकल्पों के लिए ढाई लाख रुपये की सहयोग राशि देने की घोषणा की।
कार्यक्रम के प्रारंभ में क्लब संरक्षक हंसराज चौधरी ने क्लब की 24 वर्षों की गौरवशाली सेवा यात्रा एवं स्थायी सेवा प्रकल्पों की जानकारी दी। निवर्तमान अध्यक्ष मनीष गन्ना ने अतिथियों का स्वागत किया। मुकेश गुरानी ने रोटरी के फोर-वे टेस्ट का वाचन किया तथा सचिव भरत सिंघवी ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन योगेश पगारिया ने किया।
समारोह में सहायक प्रांतपाल संगीता शर्मा सहित विभिन्न रोटरी क्लबों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।