बाँसवाड़ा। गायत्री मण्डल बांसवाड़ा द्वारा संचालित श्री पीताम्बरा आश्रम के समग्र विकास, विस्तार एवं विविध जनोपयोगी गतिविधियों के संचालन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए रविवार को द्वितीय चरण के विकास कार्यों की औपचारिक शुरुआत वैदिक विधि-विधान के साथ की गई। इस अवसर पर आश्रम परिक्षेत्र में भूमि शुद्धि संस्कार एवं पूजन-अर्चन के विविध धार्मिक अनुष्ठान सम्पन्न हुए।
गायत्री मण्डल द्वारा आगामी समय में आश्रम परिसर में धर्म-अध्यात्म चेतना संवर्धन, शोध एवं संस्कार केन्द्र, पर्यावरण संरक्षण गतिविधियों तथा विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के संचालन हेतु व्यापक विकास कार्य कराए जाएंगे। इसी परिप्रेक्ष्य में भूमि शुद्धिकरण एवं संस्कार अनुष्ठान का आयोजन किया गया।
प्रख्यात प्राच्यविद्याविद् एवं वैदिक कर्मकाण्ड विशेषज्ञ ब्रह्मर्षि पं. दिव्यभारत पण्ड्या के आचार्यत्व में आयोजित इस अनुष्ठान में स्थान देवताओं, ग्राम एवं क्षेत्र देवताओं सहित विभिन्न देवी-देवताओं का आवाहन एवं पूजन किया गया। भूमि शुद्धि संस्कार के साथ खनन यंत्र पूजन, भैरव पूजन, दश दिग्पाल पूजन, वास्तु शान्ति, विनायक स्तवन, भद्र सूक्त पाठ, सूर्य पूजन तथा पंचदेव महापूजा सहित अनेक वैदिक अनुष्ठान सम्पन्न हुए।
पूजन-अर्चन विधान गायत्री मण्डल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री मनोहर जी. जोशी ने सम्पन्न किया। अनुष्ठान में पं. राजेन्द्र भट्ट, पं. ऋषि भट्ट, पं. सुभाष भट्ट (खेड़ा), पं. आशीष भट्ट (छींछ), पं. विनोद त्रिवेदी, पं. मुकेश त्रिवेदी (तलवाड़ा), पं. हेमन्त भट्ट (भीलूड़ा), पं. मिलन उपाध्याय (वमासा) सहित अनेक विद्वान आचार्यों एवं पण्डितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विभिन्न धार्मिक क्रियाएं सम्पन्न कराईं।
प्रकृति संरक्षण और हरित विकास को प्राथमिकता
गायत्री मण्डल द्वारा सम्पूर्ण परिक्षेत्र को सघन हरियाली से आच्छादित कर प्राकृतिक सौन्दर्य एवं पर्यावरणीय संतुलन का आदर्श केन्द्र विकसित करने की योजना बनाई गई है। इसी उद्देश्य से व्यापक पौधारोपण अभियान के तहत लगाए जाने वाले पौधों का विधिवत पूजन कर प्रकृति संरक्षण का संकल्प लिया गया। आश्रम परिसर में औषधीय, फलदार, छायादार एवं पर्यावरणीय दृष्टि से उपयोगी प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे।
धर्मयात्रा के साथ हुआ आयोजन का शुभारम्भ
इससे पूर्व श्री पीताम्बरा आश्रम में गायत्री मण्डल के सचिव विनोद शुक्ला एवं सहसचिव सुभाष भट्ट द्वारा हनुमान पूजन किया गया। इसके उपरान्त आश्रम से आयोजन स्थल तक श्रद्धालुओं एवं सदस्यों की धर्मयात्रा निकाली गई, जिसमें वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक वातावरण के बीच श्रद्धालुओं ने सहभागिता निभाई।
बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं सदस्य रहे उपस्थित
सामूहिक पुष्पांजलि एवं आरती समारोह में गायत्री मण्डल के संरक्षक पं. विद्यासागर शुक्ल, कोषाध्यक्ष अनन्त जोशी, कार्यकारिणी सदस्य कमलकान्त भट्ट एवं अरुण व्यास, आजीवन सदस्य द्रोमिल त्रिवेदी, प्रमोद आचार्य, चन्द्रेश व्यास एवं अंकित आचार्य, सौरभ रावल, हैन्स व्यास, प्रदीप सोनी, मधुसूदन व्यास, पंकज वैष्णव, विजेश वाल्मीकि, मनोज नरहरि भट्ट ‘शास्त्री’, पुष्पा व्यास, शारदा मईड़ा, बबलू मईड़ा सहित गायत्री मण्डल के अनेक पदाधिकारियों, सदस्यों एवं श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर आयोजन को सफल बनाया। आरती एवं समापन विधान वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री मनोहर जी. जोशी ने किया।