GMCH STORIES

नशा मुक्ति जागरुकता अभियान के तहत सार्वजनिक स्थलों पर लगाए गए पोस्टर-बैनर

( Read 694 Times)

25 Jun 26
Share |
Print This Page

नशा मुक्ति जागरुकता अभियान के तहत सार्वजनिक स्थलों पर लगाए गए पोस्टर-बैनर


उदयपुर। प्रयाग सेवा संस्थान नशा मुक्ति पुनर्वास केंद्र द्वारा संचालित "नया भारत, नशा मुक्त भारत" जन-जागरुकता अभियान के अंतर्गत शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों, सरकारी कार्यालयों एवं प्रमुख संस्थानों में नशा मुक्ति संबंधी पोस्टर एवं बैनर लगाए गए। अभियान का उद्देश्य आमजन, विशेषकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा नशा मुक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।
संस्थान द्वारा तैयार किए गए जागरुकता पोस्टरों में नशे की लत के लक्षण, उससे होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्परिणाम, बचाव के उपाय तथा उपचार एवं पुनर्वास संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदर्शित की गई हैं। इन पोस्टरों को शहर के प्रमुख चौराहों, अस्पतालों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, सामुदायिक भवनों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर लगाया गया है।
अभियान के तहत विभिन्न पुलिस थानों में भी पोस्टर लगाए गए, जिससे कानून-व्यवस्था से जुड़े कार्मिकों एवं आम नागरिकों के बीच नशा मुक्ति के प्रति जागरुकता बढ़ाई जा सके। संस्थान के पदाधिकारियों ने बताया कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति समाज के लिए गंभीर चुनौती है और इससे प्रभावी ढंग से मुकाबला करने के लिए व्यापक जनभागीदारी एवं निरंतर जागरुकता आवश्यक है।
संस्थान के संस्थापक रुद्र प्रताप सिंह राठौड़ ने बताया कि प्रयाग सेवा संस्थान पिछले कई वर्षों से नशा मुक्ति एवं पुनर्वास के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। संस्था का प्रयास है कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक नशा मुक्त जीवन का संदेश पहुंचे तथा नशे की गिरफ्त में आए व्यक्तियों को उपचार एवं पुनर्वास के माध्यम से मुख्यधारा से जोड़ा जा सके। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में भी शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जागरुकता कार्यक्रम, परामर्श शिविर तथा जनसंपर्क गतिविधियों के माध्यम से नशा मुक्ति अभियान को और अधिक व्यापक बनाया जाएगा। संस्थान ने आमजन से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार और समाज को भी नशा मुक्त बनाने में सहयोग करें।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like