उदयपुर। महाराणा मेवाड़ पब्लिक स्कूल, द सिटी पैलेस, उदयपुर का 52वाँ स्थापना दिवस एवं अलंकरण समारोह रविवार को ऐतिहासिक माणक चौक में गरिमापूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि वीर चक्र से सम्मानित कर्नल मनोज देशपांडे रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कर्नल मनोज देशपांडे, विद्यालय के मानद निदेशक सतीश कुमार शर्मा एवं सीईओ डॉ मयंक गुप्ता द्वारा विद्यालय संस्थापक महाराणा भगवत सिंह मेवाड़ के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात नव-निर्वाचित छात्र परिषद के पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ। मानद निदेशक एस.के. शर्मा ने छात्र परिषद के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधि मंडल के 41 सदस्यों को निष्ठा, अनुशासन एवं उत्तरदायित्व के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की शपथ दिलाई।
समारोह में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत कृष्ण रास, समूहगान ‘वीर शिरोमणि देश’ तथा आकर्षक पाइप एवं ब्रास बैंड की प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। छात्रा अमोदिनी सेन ने विद्यालय की 52 वर्षों की गौरवशाली यात्रा, उल्लेखनीय उपलब्धियों एवं भावी योजनाओं पर प्रकाश डाला।
अपने प्रेरणादायी संबोधन में कर्नल मनोज देशपांडे ने कहा कि नेतृत्व केवल पद प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, सेवा, जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ समाज का मार्गदर्शन करने का दायित्व है। उन्होंने छात्र परिषद को निष्पक्षता एवं समर्पण के साथ कार्य करने का संदेश दिया।
मानद निदेशक सतीश कुमार शर्मा ने मुख्य अतिथि का स्मृति-चिह्न भेंट कर अभिनंदन किया तथा कहा कि विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ संस्कार, व्यक्तित्व निर्माण एवं नेतृत्व विकास का सशक्त केंद्र है। प्रधानाध्यापिका श्रीमती राखी त्रिवेदी ने सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। वरिष्ठ छात्रा प्रमुख धरा जैन के धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।