GMCH STORIES

राजस्थान का बढ़ा गौरव :आईवा राष्ट्रीय जल सम्मेलन में डॉ. अनिल मेहता को प्रतिष्ठित “जल निर्मलता पुरस्कार”

( Read 1283 Times)

23 Jan 26
Share |
Print This Page

राजस्थान का बढ़ा गौरव  :आईवा राष्ट्रीय जल सम्मेलन में डॉ. अनिल मेहता को प्रतिष्ठित “जल निर्मलता पुरस्कार”

 

संभाजी नगर/उदयपुर/जयपुर,जल प्रबंधन के क्षेत्र में राजस्थान के लिए यह अत्यंत गौरवपूर्ण उपलब्धि है कि विद्या भवन पॉलिटेक्निक के प्राचार्य एवं प्रसिद्ध जल विशेषज्ञ डॉ. अनिल मेहता को भारत के सबसे बड़े जल-विशेषज्ञ संगठन आईवा (इंडियन वॉटर वर्क्स एसोसिएशन) के 58वें राष्ट्रीय जल सम्मेलन में प्रतिष्ठित “जल निर्मलता पुरस्कार” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान जल संसाधन क्षेत्र में उनके दीर्घकालीन, समर्पित और मूल्यनिष्ठ योगदान का राष्ट्रीय स्तर पर सशक्त स्वीकार है।


यह पुरस्कार भारत के पूर्व जल संसाधन सचिव एवं स्टॉकहोम वॉटर प्राइज से सम्मानित ख्यातिप्राप्त जल अभियंता डॉ. एम. ए. चितले द्वारा स्थापित किया गया है, जो इसे और भी विशिष्ट तथा प्रतिष्ठित बनाता है।

गुरुवार को संभाजी नगर (औरंगाबाद) स्थित एम.आई.टी. मंथन सभागार में आयोजित समारोह में नगर निगम आयुक्त जी. श्रीकांत, आईवा की अध्यक्ष एवं महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण की मुख्य अभियंता मनीषा पलांडे, मध्यप्रदेश जलदाय विभाग के पूर्व मुख्य अभियंता डॉ. एम. एल. अग्रवाल, आयोजन समिति अध्यक्ष प्रो. उपेंद्र कुलकर्णी सहित देश के अनेक प्रतिष्ठित जल विशेषज्ञों ने डॉ. मेहता को यह सम्मान प्रदान किया।

उल्लेखनीय है कि आईवा (इंडियन वॉटर वर्क्स एसोसिएशन) घरेलू, औद्योगिक एवं कृषि उपयोग हेतु गुणवत्तापूर्ण जल आपूर्ति, सीवरेज निर्माण एवं उपचार तथा स्टॉर्म वॉटर मैनेजमेंट के क्षेत्र में कार्यरत इंजीनियरों, वैज्ञानिकों एवं प्रोफेशनल्स का अग्रणी संगठन है। आईवा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इंटरनेशनल वाटर एसोसिएशन (IWA), अमेरिकन वाटर वर्क्स एसोसिएशन (AWWA) तथा जापान वाटर वर्क्स एसोसिएशन (JWWA) से भी संबद्ध है। संगठन से जुड़े लगभग 14,000 सदस्य देश-विदेश में जल से जुड़े पर्यावरणीय, सामाजिक, संस्थागत एवं वित्तीय मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं, जिनमें से लगभग 5,500 सदस्य केंद्र व राज्य सरकारों के विभिन्न विभागों, निगमों एवं निकायों में जल एवं स्वच्छता के क्षेत्र में कार्यरत हैं।

डॉ. अनिल मेहता को सम्मानित करते हुए आईवा के पदाधिकारियों ने कहा कि एक शिक्षक, वैज्ञानिक एवं नागरिक अभियंता के रूप में वे सस्टेनेबल वॉटर मैनेजमेंट, जल सुरक्षा, नदी-झील-तालाब संरक्षण तथा सम्पूर्ण जल चक्र पर एक समग्र और दूरदर्शी दृष्टिकोण रखते हैं। जल क्षेत्र में उनका नैतिक नेतृत्व, समाज के प्रति उत्तरदायित्वपूर्ण सोच और स्वैच्छिक सेवाभाव पूरे देश के लिए प्रेरणादायी है।

डॉ. मेहता ग्लोबल वॉटर पार्टनरशिप की भारत इकाई आईडब्ल्यूपी के मानद सचिव, पर्यावरण मंत्रालय, भारत सरकार की एक्सपर्ट एप्रेज़ल कमेटी के विशेषज्ञ सदस्य, पर्यावरण संरक्षण गतिविधि की केंद्रीय टोली के सदस्य तथा झील संरक्षण समिति के सदस्य के रूप में स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर जल प्रबंधन से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण कार्यों में अपनी सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं।

आईवा के राजस्थान स्कंध, जयपुर सेंटर के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्य अभियंता ओ. पी. गोयल ने डॉ. मेहता को प्राप्त इस सम्मान को राजस्थान के समस्त अभियंताओं एवं जल विशेषज्ञों के लिए गौरव का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश के युवाओं और तकनीकी विशेषज्ञों को जल संरक्षण एवं सतत विकास के क्षेत्र में और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगी।


Source :
This Article/News is also avaliable in following categories :
Your Comments ! Share Your Openion

You May Like