लखनऊ, आज प्रोफेसर अमेरिका सिंह के नेतृत्व में
लखनऊ विश्वविद्यालय के पूर्व अध्यक्ष मनोज तिवारी और वरिष्ठ छात्र नेता राजेश जायसवाल ने कल्याण सिंह कैंसर इंस्टिट्यूट का भ्रमण किया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने संस्थान के निदेशक प्रो. एमएलबी भट्ट से शिष्टाचार भेंट की तथा उपचार, अनुसंधान और मरीज सुविधाओं का अवलोकन किया।
भ्रमण के उपरांत प्रोफेसर अमेरिका सिंह ने कहा कि प्रदेश में कैंसर उपचार के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों वाली अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होना अत्यंत गर्व का विषय है। उन्होंने उल्लेख किया कि संस्थान में अमेरिका से आयातित उन्नत मशीनें स्थापित हैं, जो रोबोटिक और आई-नियंत्रित तकनीक पर आधारित हैं—यह गुणवत्ता और सटीकता के नए मानक स्थापित करती हैं।
प्रोफेसर अमेरिका सिंह ने निदेशक सहित समस्त चिकित्सकीय एवं शैक्षणिक टीम को समाजसेवा के इस सराहनीय कार्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में यह संस्थान अंतरराष्ट्रीय पहचान प्राप्त करेगा और विदेशों से भी मरीज उपचार के लिए यहां आएंगे। इससे उत्तर प्रदेश की वैश्विक पहचान सुदृढ़ होगी और प्रदेश के समग्र विकास में संस्थान की महत्वपूर्ण भूमिका स्थापित होगी।