जयपुर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को नवरात्र के अवसर पर जोबनेर स्थित ज्वाला माता मंदिर और सांभर स्थित शक्तिपीठ शाकम्भरी माता मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की तथा प्रदेश की खुशहाली एवं सुख-समृद्धि के लिए कामना की। ज्वाला माता मंदिर में पुजारियों द्वारा श्री शर्मा को आशीर्वाद स्वरूप माता की चुनरी ओढ़ाई गई तथा मंदिर ट्रस्ट द्वारा साफा पहनाकर और माता की तस्वीर भेंट कर स्वागत किया गया। वहीं, मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में नौ देवी का स्वरूप बनी कन्याओं का पूजन कर आशीर्वाद भी प्राप्त किया।
इसके बाद मुख्यमंत्री सांभर स्थित शक्तिपीठ शाकम्भरी माता मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने माता के दरबार में शीश नवाकर पूजा-अर्चना की एवं हवन में आहुति भी दी। इस दौरान श्री शर्मा मंदिर में आए श्रद्धालुओं से भी मिले। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर आमजन में उत्साह नजर आया।
जयपुर लौटते समय मुख्यमंत्री ने दहमीकलां स्थित श्री खेड़पति बालाजी मंदिर में दर्शन किए। यहां पुजारी ने शॉल ओढ़ाकर उनका अभिनंदन किया।
*मुख्यमंत्री का आमजन और किसानों ने जगह-जगह किया भव्य स्वागत*
मुख्यमंत्री का आमजन ने जगह-जगह पुष्पवर्षा के साथ भव्य स्वागत किया। झोटवाड़ा में स्थानीय लोगों एवं हाथोज में विधायक श्री बालमुकुन्दाचार्य ने श्री शर्मा को फूलमालाएं पहनाकर अभिनंदन किया। इसके बाद धानक्या मोड़ पर किसानों ने मुख्यमंत्री को गेहूं की बालियां भेंट की तथा कालवाड़ में आमजन ने राम जल सेतु लिंक परियोजना के लिए आभार जताया। श्री शर्मा ने बस्सी नागा स्थित बजरंग गोशाला में गायों को गुड़ खिलाकर गौ सेवा की तथा जोबनेर स्थित कृषि विश्वविद्यालय में श्री कर्ण नरेन्द्र की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। यहां छात्राओं ने संवाद के दौरान मुख्यमंत्री से आशीर्वाद प्राप्त किया एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। तत्पश्चात जोबनेर में लोगों ने मुख्यमंत्री को तलवार भेंट कर स्वागत किया।
इसके बाद फुलेरा में आमजन ने मुख्यमंत्री को गदा भेंट कर अभिनंदन किया। श्री शर्मा ने फुलेरा सर्किल पर डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि भी अर्पित की। इसके बाद रिणगी, बिचून एवं मोखमपुरा गांव में ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
इस अवसर उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, विधायक निर्मल कुमावत सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।